Aligarh: सिंडिकेट चुरा रहा लाखों का स्क्रैप, कांटे में चिप लगा करते गोलमाल, रिपोर्ट दर्ज, ट्रक चालक हिरासत में
पुणे की ट्रांसपोर्ट से माल लेकर चला ट्रक वहां से वजन तोलकर भेजा जाता है, जिसके वजन की सूचना यहां के खरीदार को ऑनलाइन भेज दी जाती है। रास्ते में ट्रक चालक दो से तीन टन माल चोरी कर बेच दिया जाता है। यहां जलालपुर के धर्मकांटे पर चिप के जरिये ट्रक का वजन यहां के खरीदार को पूरा बताया जाता है, जिसकी सूचना वहां से आई थी।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के ताला कारोबार में प्रयोग होने वाले ठोस आयरन स्क्रैप में हर दिन लाखों कीमत के माल की चोरी करने वाला सिंडिकेट सक्रिय है। यह खुलासा स्क्रैप कारोबारियों की जांच में हुआ है। इस आधार पर एक कारोबारी की ओर से रोरावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ में एक ट्रक चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
यह रिपोर्ट देहली गेट गूलर रोड के ऑयल मिल कंपाउंड के अमित अग्रवाल ने दर्ज कराई है, जिसमें कहा है कि वे अपनी फर्म पर पुणे आदि शहरों से स्क्रैप खरीदते हैं। उन्हें संबंधित शहरों के ट्रांसपोर्टरों के जरिये मंगाया जाता है। 19 जनवरी को एक गाड़ी पुणे से माल लेकर आई। उसका वजन यहां जलालपुर के कांटे पर 745 किलो कम पाया गया। जब ट्रक चालक से कहा गया तो उसका चालक आसानी से उस वजह की रकम अपने खर्च में से कटवाने को बड़ी आसानी से राजी हो गया। इस पर चालक पर संदेह हुआ। इसके बाद जांच करते हुए पुणे के ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया गया।
फिर दोनों स्तरों पर अलग-अलग कई ट्रकों के चालकों से बात हुई तो निकलकर आया कि पुणे लाइन के कई ट्रक चालक रास्ते में सादाबाद के आसपास किसी कबाड़ गोदाम पर एक गाड़ी से दो से तीन टन माल चोरी कर बेच दे रहे हैं। उसी खरीदार ने जलालपुर के धर्मकांटे पर उनकी सांठगांठ करा रखी है, जो विशेष प्रकार की चिप लगाकर कांटे पर वजन पूरा दिखा देते हैं। पिछले दिनों भी इसी तरह एक गाड़ी में ढाई टन माल कम पाया गया था। इसकी गहराई से पड़ताल करने पर एक ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया।
उसने छह ट्रकों के नंबर बताते हुए बताया कि यह सभी लोग इस चोरी को कर रहे हैं। इसमें चोरी का माल देने वाला, धर्मकांटे का मुंशी व एक चिप लगाने वाला शामिल है। सभी को चोरी के माल का हिस्सा मिलता है। साथ में पिछले दो वर्ष से यह चोरी जारी रहना स्वीकारा। मामले में बृहस्पतिवार शाम व्यापारी एसपी सिटी से मिले थे। उनके निर्देश पर रोरावर में सभी ट्रक नंबरों के अज्ञात चालक, कांटे के मुंशी, चिप लगाने वाले व खरीदार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसओ जुगेंद्र सिंह के अनुसार ट्रक चालक हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है।
इस चोरी के संबंध मेंं मिली शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक चालक हिरासत में है। बाकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर जो उजागर होगा। कार्रवाई की जाएगी।-मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
ये भी जानें
- 400 छोटी-बड़ी फर्में शहर में स्क्रैप कारोबार में सक्रिय
- 500 टन से अधिक स्क्रैप हर दिन शहर में लाया जाता है
- 15 लाख कीमत का 30-35 टन माल एक ट्रक में आता है
- तीन टन माल सवा लाख कीमत का एक गाड़ी से होता चोरी
- 10 गाड़ी माल हर दिन पुणे से लाया जाता शहर में
ये जरूरी तथ्य
- शहर के ताला कारोबार में प्रयोग के लिए पुणे, फरीदाबाद, रुद्रपुर, अहमदाबाद, चेन्नई, इंदौर आदि शहरों से आयरन स्क्रैप हर दिन आता है।
- इस स्क्रैप को कारोबारियों द्वारा सीधे ताला बनाने वाली फर्मों को बेचा जाता है, वे आयरन कटिंग करके उसमें से ताले बनाते हैं।
ऐसे हो रही थी चोरी
पुणे की ट्रांसपोर्ट से माल लेकर चला ट्रक वहां से वजन तोलकर भेजा जाता है, जिसके वजन की सूचना यहां के खरीदार को ऑनलाइन भेज दी जाती है। रास्ते में ट्रक चालक दो से तीन टन माल चोरी कर बेच दिया जाता है। यहां जलालपुर के धर्मकांटे पर चिप के जरिये ट्रक का वजन यहां के खरीदार को पूरा बताया जाता है, जिसकी सूचना वहां से आई थी।