पर्यूषण पर्व के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने उत्तम तप धर्म का अनुसरण किया। वहीं बृहस्पतिवार सुगंध दशमी के अवसर पर जैन मंदिर धूप की खुशबू से महक उठे। शाम को आयोजित भजन संध्या में श्रावक-श्राविकाओं ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।
सुगंध दशमी के अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन खंडेलवाल मंदिर पंचायत में सुबह अभिषेक के साथ शांतिधारा का आयोजन हुआ। प्रेम कुमारी जैन, चंद्रवाला जैन आरएमडब्ल्यू परिवार, सुरजीत जैन पाटनी परिवार, सनल जैन मुंबई वाले पुण्य आर्जक बने। इसके बाद दोपहर तीन बजे से जैन मंदिरों में धूप खेई गई। शाम को सात बजे आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन जैन महिला संघ प्रथम ने किया। जिसमें महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुति देकर अपनी भावनाओं को प्रकट किया। इसके अलावा उत्तम तप विषय पर पूछे गए छह प्रश्नों का उत्तर देने वाले लोगों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। उत्तम तप धर्म के दिन शीतल कुमार जैन, शशांक जैन छाबड़ा परिवार वाले प्रायोजक थे।