RMPSU: विद्यार्थियों ने किया हंगामा, प्रशासनिक भवन का तोड़ा गेट, कुलपति का किया घेराव
कुलपति प्रो. एनबी सिंह से समस्याओं का समाधान कराने की कही लेकिन उनकी बातें सुनने को विद्यार्थी तैयार नहीं हुए। छात्रों ने प्रशासनिक भवन के पीछे के गेट का शीशा भी तोड़ दिया।
विस्तार
अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) में परीक्षा समय से कराने, छात्रवृत्ति और शुल्क की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी)के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया। 29 जुलाई को प्रशासनिक भवन का गेट तोड़कर घुसे छात्र-छात्राओं ने विवि में डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलपति का घेराव कर नारेबाजी भी की।
दोपहर 12 बजे एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकुर शर्मा, प्रांत सहमंत्री खुशी सिंह, विभाग संयोजक शैलेंद्र प्रजापति के नेतृत्व में छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिटी परिसर में पहुंच गईं। गेट तोड़कर घुसे विद्यार्थी कुलपति के कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
हुंकार सभा में पहुंचे कुलपति प्रो. एनबी सिंह से समस्याओं का समाधान कराने की कही लेकिन उनकी बातें सुनने को विद्यार्थी तैयार नहीं हुए। छात्रों ने प्रशासनिक भवन के पीछे के गेट का शीशा भी तोड़ दिया। कमरे में उमस से दो विद्यार्थियों की तबीयत भी बिगड़ गई। दोपहर 1:45 बजे कुलपति से विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। इसके बाद उन्हें 10 सूत्री मांग पत्र सौंपकर वापस चले गए। छात्र-छात्राओं के उग्र रवैये को देखकर पुलिस फोर्स तैनात रही।
विभिन्न मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने हंगामा किया था। उनसे मांग पत्र ले लिए गए हैं। उनके न्यायोचित मांगों पर निर्णय लिया जाएगा। - प्रो. एनबी सिंह, कुलपति, आरएमपीयू
ये हैं विद्यार्थियों की मांगें
- विश्वविद्यालय की ओर से अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं का सत्यापन कार्य न कराए जाने के कारण छात्रवृत्ति नहीं दी गई है। इसका समाधान शीघ्र हो।
- परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजियों में गड़बड़ी हैं। छात्रों को अनुत्तीर्ण किया गया है उन्हें उत्तीर्ण किया जाए।
- शैक्षिक कैलेंडर का अनुपालन नही किया जा रहा है। इससे परीक्षाएं देरी से हो रही हैं। परीक्षा परिणाम भी देर से आता है। इसका समाधान हो।
- बीएड 2022-24 के तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर की अंकतालिकाएं महाविद्यालयों को अभी तक अप्राप्त है। अंकतालिका दो दिन के अंदर उपलब्ध कराई जाएं।
- 2022 में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई थी। पीएचडी में प्रवेश लेने के लिए अभी तक सूचना जारी नहीं की गई है।
- विश्वविद्यालय के संपूर्ण भवन का निमार्ण अच्छी गुणवत्ता/मानक के अनुसार नहीं किया गया है।
- स्टार्टअप, नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा अभी तक कोई भी पहल शुरू नहीं की गई है।
- स्ववित्तपोषित महाविद्यालय जो नकल कराने के लिए विख्यात है, उन्हें परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
- छात्रों के हित के लिए छात्र संघ चुनाव बहाल किया जाए।
- विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न संकायों एवं विषयों की कक्षाएं संचालित की जा रही है लेकिन विश्वविद्यालय में अभी तक पुस्तकालय की कोई भी व्यवस्था नहीं है।