हमारे मास्टर साहब: बच्चों की नजर में शिक्षक, जो पढ़ाते ही नहीं जिंदगी भी संवारते हैं
शिक्षक का अपनापन, समझाने का अंदाज, छोटी-सी डांट और आगे बढ़ने के लिए दिया गया हौसला बच्चों के मन में हमेशा के लिए बस जाता है। यही वजह है कि स्कूल के दिनों के कुछ शिक्षक बच्चों के दिल में जिंदगीभर एक खास जगह बनाए रखते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिक्षक दिवस के मौके पर बच्चों की नजर से शिक्षकों को देखना बेहद खास है। बच्चों के लिए शिक्षक सिर्फ कक्षा में पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि उनके मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और कई बार अभिभावक की भूमिका निभाने वाले होते हैं। शिक्षक का अपनापन, समझाने का अंदाज, छोटी-सी डांट और आगे बढ़ने के लिए दिया गया हौसला बच्चों के मन में हमेशा के लिए बस जाता है। यही वजह है कि स्कूल के दिनों के कुछ शिक्षक बच्चों के दिल में जिंदगीभर एक खास जगह बनाए रखते हैं।
पढ़ने का अंदाज अलहदा चंद्रशेखर सर का
पढ़ाने का तरीका दूसरे शिक्षकों से बिल्कुल अलग है। वे किताबों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि हमें व्यावहारिक तरीके से पढ़ाते हैं और ऐसी मौलिक बातें बताते हैं, जो आगे चलकर जिंदगी में हमारे काम आ सकें। जहां आमतौर पर शिक्षक पाठ्यक्रम पूरा कराने पर ध्यान देते हैं, वहीं चंद्रशेखर सर का जोर हमें एक बेहतर इंसान बनाने पर होता है। उनकी बातें सिर्फ कक्षा तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि हमारे व्यवहार और सोच को भी प्रभावित करती हैं। -रजत चौधरी कक्षा 10 ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल
शिक्षक का परिचय
डॉ चंद्रशेखर शर्मा हिंदी : 23 साल से अध्यापन एक दर्जन पुस्तकें कविता, लघुकथा और समीक्षा की प्रकाशित उत्तर प्रदेश दिवस पर प्रशासन द्वारा अलीगढ़ रत्न से सम्मानित मध्यप्रदेश सरकार द्वारा 2008 में अनुराग साहित्य सम्मान से सम्मानित
आसान शब्दों में पढ़ाती
फातिमा मैडम बहुत अच्छा पढ़ाती हैं। उनकी सबसे खास बात यह है कि जो बातें हमें समझ में नहीं आतीं, उन्हें वे बहुत ही आसान शब्दों में समझा देती हैं। उनका पढ़ाने का तरीका इतना सरल और निराला है कि पढ़ाई बोझ नहीं लगती, बल्कि सीखने में आनंद आता है। वे समय-समय पर पढ़ाए गए पाठ को दोहराती भी हैं, जिससे बातें अच्छी तरह याद हो जाती हैं। हाल ही में हुए एक टेस्ट में हिंदी के सभी विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिसका श्रेय मैडम की मेहनत और बेहतर मार्गदर्शन को भी जाता है।- योगिता सिंह कक्षा 9 अलीगढ़ पब्लिक स्कूल
शिक्षिका का परिचय
डॉ. फातिमा जेहरा पी.जी.टी. (हिंदी) 16 साल से अध्यापन अलीगढ़ पब्लिक स्कूल अलीगढ़
पढ़ाने का तरीका आता है पसंद
मेरे कक्षा अध्यापक प्रवेंद्र कुमार हैं। वे हमें कृषि विज्ञान पढ़ाते हैं। उनका पढ़ाने और समझाने का सरल तरीका मुझे बहुत पसंद है। वे कठिन से कठिन बात को भी इतनी सहजता से समझाते हैं कि विषय आसानी से समझ में आ जाता है। सबसे खास बात यह है कि वे हमें केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि अपने बच्चों और दोस्तों की तरह समझते हैं। उनकी डांट में भी हमारे प्रति चिंता और हमारी सफलता की सच्ची चाहत छिपी होती है। वे पढ़ाई के साथ हमें मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहना सिखाते हैं। -हर्ष, कक्षा 12 डीएवी इंटर कॉलेज
शिक्षक का परिचय
प्रवेंद्र कुमार एमएससी, एमएड 5 साल से अध्यापन डीएवी इंटर कॉलेज
आगे बढ़ाने के लिए करते हैं प्रेरित
डॉ. ए.के. सिंह का हिंदी पढ़ाने का अंदाज बेहद सरल, प्रभावशाली और आत्मीय है। वे कठिन विषयों को भी इतनी सहजता से समझाते हैं कि बात सीधे मन में उतर जाती है और लंबे समय तक याद रहती है। वे हिंदी की बारीकियों पर विशेष ध्यान देने के साथ विद्यार्थियों की समस्याओं को समझते हैं और उचित मार्गदर्शन देते हैं। उनकी सबसे खास बात यह है कि वे केवल पढ़ाते नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और खुद पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित भी करते हैं। -सत्यम, कक्षा 12, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज
शिक्षक का परिचय
डॉ. अरुण कुमार सिंह हिंदी प्रवक्ता पिछले 20 साल से अध्यापन कार्य हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज अलीगढ़