फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Shoot Out at Aligarh, Officer present on spot

विधायक के रिश्तेदार भट्ठा मालिक की गोली मार कर हत्या, अधिकारी मौके पर मौजूद

Thu, 01 Aug 2019 03:47 AM IST
Abhishek Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़ Published by: Abhishek Singh Updated Thu, 01 Aug 2019 03:47 AM IST
विज्ञापन
Shoot Out at Aligarh, Officer present on spot
मृतक भट्ठा मालिक - फोटो : Amar Ujala

बरौली क्षेत्र के भाजपा विधायक ठाकुर दलवीर सिंह के करीबी रिश्तेदार बलवंत नगरिया स्थित शरद ईंट उद्योग के स्वामी नीरज उर्फ बबली सिंह (45) की बुधवार देर शाम ईंट भट्ठे पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हत्या उनके ही चौकीदार ने की है जो घटना के बाद अपने बच्चों सहित बबली सिंह की बुलेट लेकर फरार है। फायरिंग की आवाज पर एकत्रित हुए ग्रामीण आनन-फानन में बबली सिंह को लेकर खुर्जा के कैलाश हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

विज्ञापन


बबली सिंह गभाना क्षेत्र के बड़े जमींदार और प्रभावशाली परिवार से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए क्षेत्र में खबर फैलते ही लोगों का जमावड़ा उनके भट्ठे पर लगने लगा। खबर पर विधायक ठा. दलवीर सिंह, एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी अभिषेक सहित पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। देर रात तक जांच पड़ताल जारी रही। प्रथम दृष्टया लूट के इरादे से हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। बाकी पुलिस को तहरीर का इंतजार है।
विज्ञापन


गांव पनिहावर निवासी धीरेंद्रपाल सिंह (सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज गभाना) क्षेत्र के चुनिंदा जमींदार और प्रभावशाली लोगों में शुमार हैं। उनके तीन बेटों में मझले बबली सिंह का पड़ोसी गांव बलवंत नगरिया के बाहर बुलंदशहर सीमा पर ईंट भट्ठा है। वह रोजाना अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर भट्ठे पर जाते थे और शाम को वापस आते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


बलवंत नगरिया के ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे बबली सिंह की बुलेट स्टार्ट होने की आवाज सुनाई थी। इसके कुछ पल बाद ही एकाएक तीन फायर की आवाज सुनाई दी। फायरिंग सुनकर गांव से लोग भट्ठे की ओर दौड़े, जब तक लोग भट्ठे पर पहुंचते तो देखा कि बबली सिंह जमीन पर गंभीर घायल अवस्था में पड़े हैं और उनका चौकीदार ठाकुरदास निवासी महोबा अपने चार बच्चों को उनकी बुलेट पर बैठाकर पहासू की ओर भाग रहा है। ग्रामीणों ने उसका पीछा कर घेरने की कोशिश की, मगर सफल नहीं हुए।

इधर, ग्रामीणों ने तत्काल बबली को कैलाश हॉस्पिटल पहुंचाया और पुलिस व उनके परिवार को खबर दी। मगर बबली सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। खबर पर पहुंचे परिजनों का हाल-बेहाल था। मौके पर देर रात खुद विधायक ठा. दलवीर सिंह मौजूद थे और पुलिस अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे थे। वहीं इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह व उनकी टीम शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने व मुकदमा आदि की तैयारियों में जुटी थी। रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था।

कहीं हत्या कर कैश तो नहीं लूट ले गया चौकीदार क्षेत्र के प्रमुख जमींदार भट्ठा संचालक नीरज उर्फ बबली सिंह का या उनके परिवार का किसी से कोई विवाद या ऐसी रंजिश होना कोई भी नहीं मान रहा कि उसमें हत्या हो सके या कराई जा सके। क्षेत्र के बेहद भले व संभ्रांत लोगों में शुमार बबली सिंह की हत्या उनका चौकीदार क्यों करेगा?

इस सवाल को लेकर खुद उनके परिजन, परिचित और पुलिस उलझन में है। बार-बार एक ही बात सामने आ रही है कि या तो चौकीदार कैश लूटने के बाद उनकी हत्या कर भाग गया है। या फिर कोई ऐसी वजह है, जिसका खुलासा उसकी गिरफ्तारी पर ही होगा। फिलहाल पुलिस ने पश्चिमी यूपी भर में संदेश प्रसारित कर बुलेट पर बच्चों सहित सवार व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए मदद मांगी है। उम्मीद है कि जल्द उसकी गिरफ्तारी हो जाएगी।

सब ने हत्या के बाद चौकीदार को भागते देखा

सेवानिवृत्त शिक्षक धीरेंद्रपाल सिंह व उनके परिवार को लेकर सभी के मन में बड़ा सम्मान रहता है। जिसने भी बबली की हत्या की खबर सुनी, उसके मन में एक ही सवाल उठा कि आखिर इस भले आदमी की किसी से क्या रंजिश थी, जो मार दिया। जब पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ शुरू हुई तो एक ही बात सामने आई कि बबली सिंह की जब बाइक स्टार्ट हुई तो सामने चाय की दुकान पर मौजूद दुकानदार व वहां मौजूद लोगों ने एक ही बात समझी कि अब बबली सिंह गांव जाने के लिए निकल रहे हैं।

मगर दो-तीन पल निकलते ही एक-एक कर तीन फायर की आवाज सुनाई दी तो सभी भट्ठे की तरफ दौड़े। मगर अंदर घुसने पर देखा तो चौकीदार भाग रहा था। बस समझते देर न लगी कि वही हत्या कर भाग रहा है। चूंकि इन दिनों भट्ठे पर पथाई और ईंटों की सिकाई का काम बंद है। इसलिए वहां लेबर भी नहीं रहती। मुंशी भी समय से घर चला जाता है। इसलिए किसी ने हत्या होते तो नहीं देखी, मगर चौकीदार को अपने चार बच्चों सहित भागते जरूर देखा। इसके अलावा अंदर भट्ठे पर कोई था भी नहीं।

इसलिए यह माना जा रहा है कि उनके पास कहीं दिन भर की बिक्री का रुपया न हो, जिसे लूटने के इरादे से यह हत्या की गई हो। पुलिस पूछताछ में यह साफ हुआ कि चौकीदार ठाकुरदास निवासी महोबा अब से पहले क्षेत्र के दूसरे भट्ठे पर काम करता था। उसे इसी माह की 10 तारीख को नौकरी पर रखा गया था। फिलहाल पुलिस ने मुंशी व चाय विक्रेता को थाने ले जाकर दिन भर की गतिविधियों से संबंधित पूछताछ शुरू कर दी है।

तीन बेटे और पत्नी का हाल बेहाल शिक्षक धीरेंद्रपाल के तीन बेटों में मझले बबली की हत्या के बाद पूरा परिवार ही शोक में डूब गया है। मगर सबसे बुरा हाल उनके तीन बेटों क्रमश: शरद, शुभम व शेखर और पत्नी बबिता का है। उन्हें लोग संभाल नहीं पा रहे हैं। देर रात तक शव खुर्जा से अलीगढ़ पोस्टमार्टम केंद्र ले आया गया था। जहां मजमा लगा हुआ था।

भट्ठा संचालक की हत्या उनके ही चौकीदार ने की है और वह अपने बच्चों को लेकर भट्ठा संचालक की बुलेट बाइक पर सवार होकर फरार हो गया है। मगर अभी कारण साफ नहीं है। चौकीदार की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी पर ही साफ होगा कि हत्या क्यों की गई और किस हथियार से की गई। जल्द ही घटना को स्पष्ट किया जाएगा। टीमों को लगाया गया है- आकाश कुलहरि एसएसपी

यह हमारे क्षेत्र के बेहद भले व सम्मानित व्यक्ति की हत्या हुई है। उनकी हत्या पर मुझे व्यक्तिगत क्षति है और परिवार व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अभी तक की जांच में चौकीदार पर ही हत्या का आरोप है। यह भी संभव है कि वह बुलेट में रखी रकम ले गया हो। अभी जांच के बाद साफ होगा। पुलिस अधिकारियों से बात हो गई है। पुलिस अपना काम कर रही है। जल्द घटना का खुलासा होगा- ठा.दलवीर सिंह विधायक

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed