{"_id":"6ae9acde0b21a346dc01bea8","slug":"pm-modi-may-visit-aligarh-in-late-november-2026-11-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधानसभा चुनाव 2027 की आहट: नवंबर अंत में अलीगढ़ आ सकते हैं पीएम मोदी, तैयार हैं लोकार्पण की योजनाएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विधानसभा चुनाव 2027 की आहट: नवंबर अंत में अलीगढ़ आ सकते हैं पीएम मोदी, तैयार हैं लोकार्पण की योजनाएं
Tue, 03 Nov 2026 03:15 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Tue, 03 Nov 2026 03:15 PM IST
सार
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर अलीगढ़ में विकास परियोजनाएं भी चर्चा के केंद्र में हैं। नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में तैयार अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, क्वार्सी फ्लाईओवर और नगर निगम के नए सदन समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण कराया जा सकता है।
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच अलीगढ़ में सियासी हलचल तेज हो रही है। नवंबर के आखिरी दिनों या दिसंबर की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा यहां हो सकती है। इसके साथ ही भाजपा के दूसरे दिग्गज नेताओं के भी अलीगढ़ आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी कार्यक्रम की आधिकारिक तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ गई है।
विज्ञापन
दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा प्रदेशभर में बड़े स्तर पर जनसभाओं की तैयारी कर रही है। चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर कमिश्नरी में रैली कर सकते हैं, जबकि गृह मंत्री अमित शाह भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जनसभाओं के जरिये चुनावी मोर्चा संभालेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी जनसभा करने की योजना है। बड़े नेताओं के कार्यक्रमों का सिलसिला 20 नवंबर के बाद शुरू होने की संभावना है।
विज्ञापन
लोकार्पण के लिए तैयार हो रहीं बड़ी परियोजनाएं
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर अलीगढ़ में विकास परियोजनाएं भी चर्चा के केंद्र में हैं। नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में तैयार अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, क्वार्सी फ्लाईओवर और नगर निगम के नए सदन समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण कराया जा सकता है। इसके अलावा कुछ नई योजनाओं का शिलान्यास भी संभावित है। ऐसे में प्रधानमंत्री का दौरा तय होने पर विकास कार्यों को चुनावी माहौल में उपलब्धियों के तौर पर पेश किया जा सकता है।
विज्ञापन
एडीएम सिटी संगीता देवी कहती हैं कि अभी किसी रैली की तारीख या कार्यक्रम की औपचारिक सूचना नहीं मिली है। चुनावी वर्ष में राजनीतिक दलों की जनसभाएं होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी बड़े नेता के दौरे की पुष्टि आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही हो सकेगी।