श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता एवं आश्वासन प्रकोष्ठ की ओर से नई शिक्षा नीति पर आयोजित दो दिवसीय वेबिनार का रविवार को समापन हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या एवं संयोजिका डॉ. लकी गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागिता कर रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के कुलपति प्रो. अशोक मितल, महाविद्यालय प्रबंध सचिव हरिप्रकाश गुप्ता, साइबर लॉ विशेषज्ञ, प्रशासनिक अकादमी भोपाल एवं महिला व बाल साइबर सुरक्षा उत्तर प्रदेश शासन में यूनिसेफ के परामर्शदाता डॉ. योगेश पंडित का स्वागत किया।
वेबिनार में कुलपति प्रो. अशोक मित्तल ने कहा कि कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षण एक आवश्यकता है। ऑनलाइन शिक्षण परंपरागत शिक्षण का अनुपूरक हो सकता है, विकल्प नहीं। ऑनलाइन शिक्षण के लिए आईसीटी टूल्स को समझना चाहिए। ताकि शिक्षण किसी पर निर्भर न हो। हरिप्रकाश गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। वक्ता डॉ. योगेश ने शिक्षा में नई तकनीकी के प्रयोग एवं साइबर क्राइम के विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला। डॉ. रेखा आर्य ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं को वक्ता के समक्ष रखकर उनका समाधान कराया। इस मौके पर डॉ. ममता श्रीवास्तव, डॉ. अर्चना बंसल, डॉ. मेधा सचदेवा, डॉ. उम्मे कुलसुम, प्रियंका दीक्षित, डॉ. अदिति जैन आदि का सहयोग रहा।