अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर: सरकार ने दिया 248.9600 करोड़, यूपीडा अफसर नहीं खर्च कर पाए पूरा
प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ समेत छह जनपदों में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर परियोजना शुरू की थी। प्रदेश में उप्र. एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को निर्माण कार्य का जिम्मा सौंपा गया। सरकार ने अलीगढ़ को 248.9600 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए थे। धनराशि में से 49 करोड़ खर्च ही नहीं हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरकार के सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर को स्थापित करने की रफ्तार में अफसरों की लापरवाही बड़ी बाधा बन रही है। सरकार इस प्रोजेक्ट के लिए बजट जारी कर रही है लेकिन यूपीडा के अफसर हैं कि खर्च ही नहीं कर पा रहे। सरकार द्वारा परियोजना के विकास के लिए भेजी गई धनराशि में से 49 करोड़ खर्च ही नहीं हुए। अब यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अफसरों से जवाब-तलब किया है।
प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ समेत छह जनपदों में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर परियोजना शुरू की थी। इसका मकसद प्रदेश को रक्षा उत्पाद में आत्म निर्भर बनाकर विकास करना था। इस पर प्रदेश से लेकर केंद्र सरकार ने पूरे जोरशोर से कार्य किया। प्रदेश में उप्र. एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को निर्माण कार्य का जिम्मा सौंपा गया। इसके लिए सरकार ने अलीगढ़ को 248.9600 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए थे। इन धनराशि से डिफेंस कॉरिडोर का विकास होना था। जिससे जिले से लेकर बाहर की कंपनियां आकर रक्षा उत्पाद में बेहतर कार्य कर सकें।
खर्च धनराशि का सभी जिलों से उपयोगिता प्रमाण पत्र हर माह की पांच तारीख को लखनऊ के अधिकारियों ने मांगा था। इसका मकसद डिफेंस कॉरिडोर के विकास में धन की कमी आने पर तत्काल मुहैया कराया जा सके। मगर जिले के अधिकारियों ने इसमें भी भारी लापरवाही बरती। जिले के यूपीडा अधिकारी तो शासन की ओर से जारी बजट को पूरा खर्च नहीं कर सके, दूसरे सही सूचनाएं भी लखनऊ नहीं भेजी। ऐसे में यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अलीगढ़ समेत छह जिलों के अधिकारियों को पत्र भेज कर उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा है। धन खर्च क्यों नहीं हो सका इसके लिए स्पष्टीकरण मांगा है।
जमीन अधिग्रहण के लिए पैसा है। हम जल्द ही प्रक्रिया को पूरा कर लेंगे और कॉरिडोर के लिए निर्धारित जमीन लेकर उसका भुगतान भी करवाएंगे। उसी मद में पैसा खर्च भी होगा।- संजीव सुमन, जिलाधिकारी
डिफेंस कॉरिडोर एक नजर में
-14 सितंबर 2021 को पीएम-सीएम ने रखी आधारशिला
-12 किलोमीटर दूर है गांव अंडला जिला मुख्यालय से
-400 हेक्टेयर क्षेत्र में कॉरिडोर स्थापित किया गया है
-6000 करोड़ रुपये निवेश का अनुमान चार चरणों में
-100 हेक्टेयर जमीन पहले चरण में की गई है आवंटित
-1500 करोड़ से ज्यादा का निवेश पहले चरण में है तय
-20 कंपनियां स्थापित करेंगी 21 फैक्टरी
-2024 तक इसे विकसित करने का है लक्ष्य
-10 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान
-400 करोड़ से अधिक का निवेश मिला एमएसएमई से
-20 निवेशकों को भूमि आवंटित कर दिया गया है कब्जा
-2000 करोड़ निवेश का प्रस्ताव जिले के उद्यमियों ने रखा