कोरोना से और एक मौत, भाजपा नेता के भाई सहित 4 संक्रमित
महानगर में सोमवार को कोरोना से एक और मौत घोषित हुई है, जबकि सासनी गेट दुर्गापुरी के भाजपा नेता के 53 वर्षीय छोटे भाई सहित चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से एक 71 वर्षीय व्यक्ति का उपचार नोएडा के जेपी हॉस्पिटल में चल रहा है। संक्रमित लोगों में एक दिव्यांग युवक भी शामिल है। इस तरह जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 167 तक पहुंच गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि पिछले सप्ताह महावीरगंज में संक्रमित पाए गए ब्रांडेड उत्पाद के सप्लायर के परिवार का 21 वर्षीय दिव्यांग सदस्य और उनके यहां बतौर एकाउंटेंट नौकरी करने वाला 35 वर्षीय युवक संक्रमित पाए गए हैं।
वहीं, दुर्गापुरी के भाजपा नेता के 53 वर्षीय भाई और प्रीमियमनगर सासनी गेट बैंक कॉलोनी के 71 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाए गए हैं। 71 वर्षीय व्यक्ति का उपचार नोएडा स्थित जेपी हॉस्पिटल में चल रहा है। वहीं जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
सीएमओ ने बताया कि यहां संक्रमित पाए गए 35 वर्षीय युवक एवं 53 वर्षीय व्यक्ति को अतरौली स्थित कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया जाएगा, जबकि महावीरगंज के 21 वर्षीय दिव्यांग के संबंध में परिजनों से मिलकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सीएमओ के अनुसार रविवार को संक्रमित घोषित हुए शमशाद मार्केट के 50 वर्षीय हेल्थ वर्कर की मौत हो गई है। शमशाद मार्केट से सटे लोको कॉलोनी इलाके के हेल्थ वर्कर रात उपचार के दौरान जेएन मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित किया गया। वह कई दिन से बीमारी के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। जहां जांच में वह रविवार को संक्रमित घोषित हुए थे। मौत के बाद सोमवार को दिन में उनके शव को कोरोना प्रोटोकाल के तहत सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है।
दुर्गापुरी में मच गई खलबली, 24 लोगों की अटकी है सांसे
आगरा रोड स्थित एक हॉस्पिटल में दुर्गापुरी की महिला संक्रमित पाई गई थी। उस समय यह आरोप लगा था कि अनुसूचित जाति बस्ती में स्वास्थ्य विभाग की टीम नमूने लेने नहीं पहुंची। मामला गरमाता देख स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 18-19 मई को दुर्गापुरी से 24 लोगों का नमूने लिए गए।
दुर्भाग्य देखिए कि एक जून तक किसी को रिपोर्ट नहीं दी गई। इसके लिए भाजपा नेता ने शहर क्षेत्र के विधायक संजीव राजा से लेकर मंडलायुक्त तक दौड़-भाग की। उन्होंने 29 मई को लिखित में मंडलायुक्त से शिकायत की। जब विभागीय अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया तो हार कर निजी लैब में जांच कराई। वहां से रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दुर्गापुरी में खलबली मच गई है। अब 24 लोगों की सांसे अटकी हैं।
मरने के बाद कारोबारी की रिपोर्ट निगेटिव
गंभीरपुरा के कारोबारी की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। शनिवार को सुबह में उनके घर पर नमूना लिया गया था। जेएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा मृतक की रिपोर्ट आने के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंपा गया। मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि मृत कारोबारी के घर में शनिवार को 13 दिन में तीसरी मौत हुई थी। मृतक के बड़े भाई हार्डवेयर सप्लायर थे। उसके बाद दूसरे भाई की मौत हुई थी।
--कोरोना मीटर--
- 167 मरीज अब तक पाए गए जिले में
- 17 मरीजों की अब तक हो चुकी मौत(जयगंज की महिला आगरा में संक्रमित हुई थी, दिल्ली में मौत)
- 101 करीब मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं
- 38 सक्रिय मरीज अभी हैं भर्ती