राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कोटे का अगस्त माह का राशन बांटा जा रहा है। इस बार प्रदेश सरकार की ओर से मुफ्त दिए जाने वाले गेहूं और चावल के बदले कीमत चुकानी होगी। हालांकि प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत सभी राशन कार्ड धारकों को दिसंबर 22 तक प्रत्येक माह निशुल्क राशन मिलेगा।
राशन कार्ड धारकों को नियमित रूप से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गेहूं दो रुपये एवं चावल तीन रुपये किलोग्राम की दर से दिया जाता था। कोरोना के बाद अप्रैल 2020 से जून 2022 तक यह राशन कार्ड धारकों को निशुल्क उपलब्ध कराया गया। विधानसभा चुनाव के बाद से राशन वितरण की व्यवस्था बेपटरी हो गई है।
इस कारण अगस्त का राशन अब दुकानों पर पहुंचा है। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि राशन वितरित किया जा रहा है। इस बार गेहूं दो रुपये किलो एवं चावल तीन रुपये किलो के हिसाब से दिया जाएगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को 14 किलो गेहूं व 21 किलो चावल मिलेगा। उन्होंने बताया कि अन्य कार्ड धारकों को एक यूनिट पर दो किलो गेहूं एवं तीन किलो चावल दिया जाएगा। संवाद