Train: 1 जनवरी से नई ट्रेनों का संचालन, नए ठहराव, समय परिवर्तन, गोमती एक्सप्रेस ठहरेगी अब पांच मिनट
अलीगढ़ में गाड़ी संख्या 12419 व 12420 गोमती एक्सप्रेस का ठहराव दोनों ओर से दो मिनट के स्थान पर पांच मिनट कर दिया गया है।
विस्तार
उत्तर मध्य रेलवे ने 1 जनवरी से नई समय सारणी (टाइम टेबल) घोषित करने का निर्णय लिया है। इसमें नई ट्रेनों के संचालन के साथ ही कुछ ट्रेनों का विस्तार, फेरों में बढ़ोतरी, नए ठहराव और ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर आगमन/प्रस्थान समय में परिवर्तन भी शामिल होंगे।
अलीगढ़ में गाड़ी संख्या 12419 व 12420 गोमती एक्सप्रेस का ठहराव दोनों ओर से दो मिनट के स्थान पर पांच मिनट कर दिया गया है। इससे चेन पुलिंग की घटनाओं में कमी आएगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे पर हो रहे दोहरीकरण, विद्युतीकरण आदि कार्यों के कारण ट्रेनों के संचालन की गति में वृद्धि और समय में बचत हुई है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 19603/19604 दौराई-गोड्डा एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन का अलीगढ़ जंक्शन पर ठहराव दिया गया है। गाड़ी संख्या 14033 दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के स्थान पर गाड़ी संख्या 20433 सूबेदारगंज-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सूबेदारगंज स्टेशन तक विस्तार किया है। साथ ही नॉन सुपरफास्ट से सुपरफास्ट सुविधा से मेल/एक्सप्रेस में परिवर्तन किया गया है।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 12034 नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल का अलीगढ़ स्टेशन पर ठहराव दिया गया है। गाड़ी संख्या 18101 टाटा जम्मूतवी का हाथरस स्टेशन पर ठहराव दिया गया है। गाड़ी संख्या 64582 दिल्ली-हाथरस किला मेमू दिल्ली-हाथरस के संचालन व प्रस्थान के समय में 10 मिनट का परिवर्तन किया गया है। गाड़ी संख्या 64581 हाथरस किला-दिल्ली मेमू हाथरस किला के प्रस्थान समय में पांच मिनट पहले का परिवर्तन किया गया है।
गाड़ी संख्या 64114 नई दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू के आगमन में 15 मिनट, गाड़ी संख्या 64102 दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू, दिल्ली -अलीगढ़ के आगमन में 25 मिनट, गाड़ी संख्या 64151 अलीगढ़-दिल्ली मेमू अलीगढ़-दिल्ली के प्रस्थान समय में पांच मिनट पहले का परिवर्तन किया गया है।