मां को मौत के घाट उतारा, मासूम बेटी बची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना क्षेत्र में बुधवार को गांव टमकौली और परातपुर के बीच एक महिला की गला दबा कर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उसकी चार वर्ष की बेटी को भी मौत के घाट उतारने की की कोशिश की। हत्यारे बच्ची को मरा समझ कर छोड़ गए। महिला का शव खेत में पड़ा हुआ था जबकि उसकी बेटी पास में रो रही थी। मृतक महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। वहीं बच्ची का उपचार कराया गया है। वह अपना नाम शिवानी बता रही है।
गांव टमकौली और परतापुर गांव के रास्ते के बीच में श्रीनिवास का सरसों का खेत है। बुधवार सुबह यहां पर कुछ ग्रामीणों ने खेत में एक बच्चे की रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो महिला का शव पड़ा हुआ था। शव के पास ही एक करीब चार साल की बच्ची भी रो रही थी। बच्ची के गले में फंदे का निशान था, जिससे लग रहा था कि उसको भी जान से मारने की कोशिश की गई है।
मृतक महिला के हुलिए से लग रहा था कि उसकी उम्र करीब 26-27 साल है। उसने हल्के हरे रंग का सूट और दुपट्टा पहन रखा था। यही दुपट्टा उसकी गर्दन पर बंधा हुआ था। पुलिस के मुताबिक संभावना है कि इसी दुपट्टे से महिला की गर्दन को घोंटा गया है। महिला ने गहरे लाल रंग का स्वेटर भी पहन रखा था। उसके हाथ में गहरे लाल रंग का ही कड़ा पहन रखा था। महिला के मुंह पर भी चोट का निशान था और उसके खून भी निकल रहा था।
सूचना पर गभाना थाना प्रभारी मो. असलम मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से उसकी शिनाख्त करवाने का प्रयास किया, लेकिन उसको कोई भी पहचान नहीं सका। पुलिस ने महिला का हुलिया और अन्य विवरण बुलंदशहर, एटा, कासगंज, हाथरस आदि जिलों में भिजवा दिया है।
थाना प्रभारी ने ऐलान किया है कि शव की शिनाख्त कराने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। इस हत्याकांड की एक मात्र गवाह चार साल की बच्ची शिवानी ही है। लेकिन यह बच्ची घटना के विषय में क्या रोशनी डाल पाएगी? यह तय नहीं है।
बच्ची बोली.. मम्मी घर पर सो रही हैं
पुलिस ने बच्ची का कस्बे के ही निजी अस्पताल में इलाज कराया। इसके बाद उसे नए कपड़े और अन्य सामान दिया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी रही। बदहवास बच्ची कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। वह सिर्फ अपना नाम शिवानी ही बता पा रही है। उससे पूछा गया कि मम्मी कहां हैं तो वह बोली कि मम्मी घर पर सो रही हैं..। बच्ची की यह बात सुनकर सभी की आंखों में आंसू आ गए। पुलिस ने बच्ची को खाने-पीने का सामान, चॉकलेट आदि भी दिया।