महाशिवरात्रि : कांवड़ियों के सुरक्षा के लिए प्लान तैयार, यातायात व्यवस्था में बदलाव
17 फरवरी की सुबह आठ बजे से 18 फरवरी की रात 12 बजे तक शहर में मार्ग परिवर्तित रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के अलावा रोडवेज बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विस्तार
महाशिवरात्रि पर कांवड़ियो की भीड़ को देखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सुरक्षा प्लान तैयार किया है। इसमें रामघाट रोड को कॉरिडोर बनाया गया है। पुलिस की फ्लीट कांवड़ियों का मार्ग पार कराएगी। एसएसपी ने विशेषकर अतरौली, हरदुआगंज, क्वार्सी, गांधीपार्क, बन्नादेवी, लोधा थाने की पुलिस को कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्क किया है।
इसके अलावा शहर में भारी वाहनों का 17 फरवरी से कांवड़ यात्रा समाप्ति तक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। एसएसपी ने धार्मिक सौहार्द्र बनाए रखने के लिए अराजकतत्वों पर एवं सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने के भी निर्देश दिए।
यह रहेंगे मार्ग
- रामघाट जनपद बुलंदशहर से अतरौली, नरौना, साधू आश्रम, हरदुआगंज, तालानगरी होते हुए क्वार्सी चौराहा तक।
- क्वार्सी चौराहा से रामघाट रोड, दुबे का पड़ाव, हाथरस अड्डा, सासनी गेट चौराहा से आगरा रोड, मडराक एवं सासनीगेट चौराहा से ही इगलास होते हुए मथुरा।
- क्वार्सी चौराहा से जीवनगढ़ की पुलिया, महेशपुर तिराहा, एफएम टॉवर, नगला पटवारी, बरौला पुल, सारसौल चौराहा, नादां पुल होते हुए खेरेश्वर धाम मंदिर।
- अनूपशहर, बुलंदशहर से आने वाले कांवड़ियां जवां, छेरत, महेशपुर तिराहा, एफएम टॉवर, बरौला पुल, सारसौल चौराहा, नादापुल होते हुए खेरेश्वर धाम मंदिर।
- सांकरा गंगा घाट, दादों से आने वाले कांवड़ियां दादों, छर्रा, अकराबाद होते हुए विजयगढ़ से हाथरस।
- बुलंदशहर से आने वाले कांवड़िया जिरौली धूम सिंह, लोहगढ़, गहतोली होते हुए बिजौली।
मथुरा- वृंदावन जाने वाला प्रमुख मार्ग
क्वार्सी चौराहा से रामबाग, किशनपुर, गांधीआई तिराहा, दुबे पड़ाव चौराहा, अचलताल, हाथरस अड्डा, सासनी गेट चौराहा, मथुरा रोड।
खेरेश्वर महादेव जाने वाला प्रमुख मार्ग
क्वार्सी चौराहे से गांधीआई तिराहा, सेंटर प्वाइंट, एसबीआई तिराहा, सुभाष चौक, तस्वीर महल, जेल पुल, तहसील तिराहा, सारसौल, नादापुल, खेरेश्वर।
कल से रहेगा मार्ग परिवर्तित, बदलेगी यातायात व्यवस्था
17 फरवरी की सुबह आठ बजे से 18 फरवरी की रात 12 बजे तक शहर में मार्ग परिवर्तित रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के अलावा रोडवेज बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह सभी बसें बाईपास होकर ही अपने गंतव्य को जा सकेंगी। कांवड़ियों के मार्ग (रामघाट रोड/ आगरा / मथुरा रोड) पर भारी वाहन वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रोडवेज एवं प्राइवेट बसों का आवागमन धीमी गति से किया जाएगा।
यह रहेगी व्यवस्था
- दिल्ली की ओर से शहर, खेरेश्वर चौराहा की तरफ से एटा, कानपुर, आगरा, मथुरा जाने वाले भारी वाहन शहर और खेरेश्वर चौराहा की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे। यह वाहन दौरऊ मोड़ गभाना से डायवर्ट होकर खैर, इगलास, सासनी, सिकंदराराऊ होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
- खैर, टप्पल की तरफ से शहर/खेरेश्वर चौराहा की तरफ से आने वाले वाहन खेरेश्वर चौराहा की तरफ से प्रतिबंधित रहेंगे। हल्के वाहनों को ग्राम हरिदासपुर तिराहे लोधा से जीटी रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। भारी वाहनों को खैर से ही गोंडा-इगलास की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- मथुरा / इगलास की ओर से शहर/ खेरेश्वर चौराहा/नादा पुल की तरफ आने वाले वाहन शहर/खेरेश्वर चौराहा/नादा पुल की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को पुराने बाईपास मथुरा पेट्रोल पंप/ मथुरा के पुल के नीचे से डायवर्ट किया जाएगा एवं जिन वाहनों को खुर्जा, बुलंदशहर, दिल्ली की तरफ जाना होगा, ऐसे वाहनों को इगलास से ही गोंडा, खैर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- आगरा की तरफ से शहर/ सासनीगेट जाने वाले भारी वाहन शहर/ सासनीगेट चौराहा/नादा पुल की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को वन चेतना केंद्र / दाऊद खां फाटक तिराहे से इगलास रोड की तरफ गंदा नाला पेट्रोल पंप चौराहे से इगलास गोंडा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- कानपुर-एटा की तरफ से अलीगढ़ शहर/ खेरेश्वर चौराहा की तरफ आने वाले भारी वाहनों को सिकंदराराऊ, हाथरस से एवं गोपी अकराबाद से सासनी/ इगलास / गोंडा / खैर होते हुए गभाना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- रामघाट रोड पर अतरौली से अलीगढ़ शहर की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन शहर / क्वार्सी चौराहा की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को अतरौली से कासगंज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- बुलंदशहर डिबाई से अलीगढ़ शहर/सारसौल चौराहा/क्वार्सी चौराहे की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को सुमेरा झाल, जवां से बरौली गभाना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- सारसौल चौराहे से नादा पुल/ खेरेश्वर की तरफ समस्त प्रकार के भारी एवं चार पहिया वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। यह ट्रैफिक भांकरी से नया बाईपास से अपने गंतव्य तक जा सकेगा। जिन्हें खैर रोड या यमुना एक्सप्रेस-वे तक जाना है वह जीटी रोड भुखरावली रघुनाथ फार्म के बगल से जिरौली रोड होकर लोधा पहुंचकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
प्राइवेट बसों का यहां से होगा संचालन
- अतरौली को आने जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन तालानगरी स्थित संत फिदेलिस स्कूल के सामने स्थित मैदान से होगा।
- कासिमपुर, संभल, पहासू की तरफ जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन शहर से बाहर स्थित एफएम टावर तिराहा पेट्रोल पंप के पास से किया जाएगा।
- खैर की तरफ जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन हरिदासपुर तिराहा लोधा से किया जाएगा।
- अकराबाद की तरफ जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन धनीपुर मंडी से किया जाएगा।
- इगलास एवं सासनी की तरफ जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन सासनीगेट चौराहे से होगा।
नो ट्रैफिक जोन
- सारसौल से नादा पुल से खेरेश्वर मंदिर तक।
- एटा चुंगी से दुबे पड़ाव तक।
- क्वार्सी चैराहा से दुबे पड़ाव की तरफ
- दुबे पड़ाव से मदार गेट, हाथरस अड्डा, सासनी गेट की तरफ।
- दुबे पड़ाव से कंपनी बाग, रसलगंज, मसूदाबाद, तहसील तिराहा, सारसौल चौराहे की तरफ।