Aligarh: दिवाली से पहले फटा महंगाई का पटाखा, आटे से लेकर तेल तक की कीमतें चढ़ीं, खील-बतासे हुए मंहगे
आलू को छोड़कर अधिकांश सब्जियों का दाम फुटकर में 80 से 100 रुपये के बीच में हैं। इन हालातों में आम आदमी के लिए रोशनी का यह पर्व काफी खर्चीला साबित होगा।
विस्तार
दीपावली से पहले महंगाई का पटाखा फट गया है। आटा, खाद्य तेल, खील-बतासे, चीनी, चना के साथ ही सब्जियों के रेट भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। पिछले बीस दिनों के भीतर खाद्य पदार्थों पर ही पांच से 30 रुपये का इजाफा हो गया है। आलू को छोड़कर अधिकांश सब्जियों का दाम फुटकर में 80 से 100 रुपये के बीच में हैं। इन हालातों में आम आदमी के लिए रोशनी का यह पर्व काफी खर्चीला साबित होगा।
त्योहारी सीजन में पिछले 20 दिनों में खाद्य पदार्थों की कीमतों मेंं पांच से 30 रुपये की वृद्धि हुई। महंगाई बढ़ने से ग्राहक पिछले साल की अपेक्षा कम मात्रा में सामान खरीद रहे हैं।-हरीमोहन, दुकानदार, किशनपुर
पिछले करीब 20 दिनों से सब्जियों के भाव और बढ़ गए हैं। ज्यादातर सब्जियां 80 से 100 रुपये किलो के बीच में हैं। दीपावली के बाद सब्जियों के दामों में गिरावट की उम्मीद है।-देवेश यादव, सब्जी विक्रेता, धनीपुर मंडी।
त्योहारी सीजन में महंगाई के चलते घर का बजट बिगड़ गया है। घर चलाने के लिए अन्य खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। हर चीज महंगी होती जा रही है।-पूर्णिमा वार्ष्णेय, सराय हकीम।
खील-बतासे हुए महंगे
दीपावली पर पूजा में इस्तेमाल किए जाने वाले खील-बतासे के रेट इस बार करीब 10-15 फीसदी तक बढ़ गए हैं। दुकानदारों के मुताबिक पिछले साल बतासे की कीमत 65 रुपये किलो थी। इस बार 75 रुपये किलो है। खील भी 85-90 रुपये प्रति किलो है, जो पिछली दीपावली पर 75 रुपये किलो थी।
बचत करना हो रहा मुश्किल
पुष्पांजलि निवासी अध्यापक अनिल गौड़ ने कहा कि दाम बढ़ने से थाली से दाल की कटोरी गायब होती जा रही है। आटा बढ़कर 35 से 40 रुपये किलो हो गया है। आम लोगों के लिए अपनी थाली में दोनों समय भोजन का जुगाड़ करना भारी पड़ रहा है। कमाई का बड़ा हिस्सा पेट भरने में चला जा रहा है और कोई बचत नहीं कर पा रहे हैं।
दीपावली पर पकवान का स्वाद फीका रहेगा
किशनपुर निवासी रिंकू ने कहा कि इस बार महंगाई की मार ऐसी पड़ी है कि मन-मुताबिक पकवान बनाने के मंसूबे पर पानी फिरता नजर आ रहा है। मैदा-सूजी, मेवा, तेल, देसी घी व रिफाइंड से लेकर पकवान बनाने के काम आने वाली हर चीज की कीमत आसमान छू रही है। इस बार दीपावली पर पकवान का स्वाद फीका ही रहेगा।
खाद्य पदार्थों के रेट
खाद्य पदार्थ 20 दिन पहले के भाव अब
आटा 28-40 35-45
रिफाइंड 115 140
सरसों का तेल 130 160
चीनी 43 44
मैदा 32 36
सूजी 33 38
डॉलर चना 140 180
(कीमत प्रति लीटर व किलो में)
सब्जियों के रेट
सब्जी दाम
आलू 35-40
गोभी 120
भिंडी 50
टमाटर 80-100
अरबी 80
मिर्च 80-100
प्याज 80
शिमला मिर्च 140
(कीमत प्रति किलो में)