कड़कड़ाती ठंड में अनिश्चितकालीन धरना शुरू: नहीं आया कोई अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी बैठ गए धरने पर
राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश अत्री ने कहा कि टप्पल ब्लॉक परिसर में पंचायत हुई, जिसमें ब्लॉक, राजस्व विभाग का कोई भी कर्मचारी-अधिकारी नहीं आया। इस पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
विस्तार
अलीगढ़ में टप्पल थाने के सामने ब्लॉक परिसर में 3 जनवरी को राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश अत्री ने किसानों की विभिन्न समस्यायों के चलते अधिकारियों को ज्ञापन देने के लिए सूचित किया। दोपहर तीन बजे तक कोई भी अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे। यूनियन पदाधिकारी किसानों के साथ कड़कड़ाती ठंड में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश अत्री ने कहा कि टप्पल ब्लॉक परिसर में पंचायत हुई, जिसमें ब्लॉक, राजस्व विभाग का कोई भी कर्मचारी-अधिकारी नहीं आया। इस पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया। समाचार लिखें जाने धरना जारी था।
विदित है कि राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन ने टप्पल में ट्रामा सेंटर निर्माण व किसानों की विभिन्न मांगो को लेकर टप्पल थाना प्रभारी अरुण चौधरी को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी, सीएमओ व खैर उपजिलाधिकारी के नाम दो ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन में बताया कि टप्पल क्षेत्र में आए दिन बड़े हादसे होते रहते हैं। घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ अथवा नोएडा ले जाया जाता है। कई बार घायलों को समय पर उपचार न मिलने के कारण रास्ते में ही वे दम तोड़ देते हैं। टप्पल क्षेत्र में ट्रामा सेंटर बनना चाहिए।
किसानों को सिंचाई हेतु ट्यूबबेल के लिए 12 घंटे बिजली बिना कटौती दी जाए। किसानों के ट्यूबवेल को रात में टू फेस लाइट दी जाए, जिससे किसानों के समर व उसके तार, स्टार्टर एवं ट्रांसफॉर्म के चोरी होने की वारदात ना हो। सभी किसान मजदूर की 60 वर्ष की आयु होने पर नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। किसान मजदूर की 60 वर्ष की आयु होने पर 6000 प्रतिमाह वृद्धा पेंशन दी जाए। बिजली विभाग का निजीकरण न हो। सरकार द्वारा किसानों की फसल का एमएसपी गारन्टी बिल का लाभ दिया जाए। किसान-मजदूरों के बच्चों की स्नातक स्तर तक नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाए। आवारा व छूट्टा गौवंश को पकड़वाकर गौशाला या अभ्यारण वन में भिजवाया जाए। खैर तहसील में रियल टाइम खतौनी बनी हैं, उनमें गड़बड़ी आ रही हैं, जिसे सही कराया जाए।
अनिश्चितकालीन धरने में चेतराम सिंह, दयाब चौधरी, रामचंद्र सरदार, जाकिर, कृपाल चौधरी, नेत्रपाल ठाकुर, जयपाल, रनवीर चौधरी, जितेंद्र, लोकेंद्र, इस्लाम सैफी, मुकेश चौधरी, राजू शर्मा, केशव शर्मा आदि मौजूद रहे।