फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   In aligarh stone pelting and firing on holi.

होली के हुड़दंग में पला में पथराव, श्याम नगर में फायरिंग

Thu, 12 Mar 2020 01:18 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Thu, 12 Mar 2020 01:18 AM IST
विज्ञापन
In aligarh stone pelting and firing on holi.
अलीगढ़ के श्याम नगर में महिला को गोली लगने के बाद पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : CITY OFFICE
होली के मौके पर कड़ी चौकसी के बीच हुड़दंगी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। शहर में कई जगह हुड़दंग में टकराव की घटनाएं हुईं। इस दौरान सासनी गेट के पला साहिबाबाद में गर्भवती महिला के रंग पड़ने के विवाद में वाल्मीकि व सवर्ण पक्ष आमने-सामने आ गए, जिनमें जमकर पथराव हुआ। वहीं सिविल लाइंस के श्याम नगर में अपराधियों द्वारा एक युवक को निशाना बनाकर की गई फायरिंग में राहगीर महिला गोली लगने से जख्मी हो गई। इस घटना में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा शहर में अन्य कई जगहों पर भी मारपीट की छुटपुट घटना हुई है।
विज्ञापन

सासनी गेट के मोहल्ला पला साहिबाबाद की वाल्मीकि बस्ती निवासी पवन ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि मंगलवार को धूल वाले दिन सुबह 11 बजे वह अपनी पत्नी कंचन के साथ घर जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और रंग डाल दिया। चूंकि उसकी पत्नी दो माह की गर्भवती है। उसने विरोध किया तो उसके व उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पत्नी के पेट में लात मारीं और गंभीर रूप से घायल कर गिरा दिया, जिससे उसके सिर में भी चोट आ गई। साथ-साथ हमलावरों ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया। इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं बाद में वाल्मीकि समाज के लोग काफी संख्या में एकत्रित होकर थाने पहुंच गए। जहां पवन की ओर से दी गई तहरीर पर रिंकू, छोटू, हर्षित, गर्वित, सुमित, आशु, देवेंद्र पंडित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार मामले में कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

दूसरी ओर सिविल लाइन के श्याम नगर निवासी रोबिन का किसी बात पर बेगमबाग के आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों से दुबे पड़ाव पर झगड़ा हो गया था। इस झगड़े के बाद रोबिन अपने मोहल्ले में आ गया। बेगमबाग के युवक करीब साढ़े तीन बजे हाथों में हथियार व लाठी-डंडे लेकर उसे तलाशते हुए श्याम नगर पहुंच गए। आरोप है कि गैंग लीडर भुवनेश कालिया ने रोबिन को देखते ही एक साथ तीन चार राउंड फायरिंग की। इस दौरान घर से नल पर पानी भरने जा रही महिला ऊषा सैनी के कंधे में एक गोली लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। हमलावर रोबिन को देखने की धमकी देते हुए भाग गए, जबकि तीन को भीड़ ने पकड़ लिया। खबर पर पहुंची पुलिस आनन-फानन महिला को नर्सिंग होम ले गई। वहीं पब्लिक द्वारा पकड़े गए तीन युवकों को थाने ले जाया गया। उनसे हुई पूछताछ व ऊषा के बेटे विपिन सैनी की तहरीर पर भुवनेश कालिया, मयंक, प्रवीन, चोब सिंह, सोनू व मोनू पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चोब सिंह व उसके दोनों बेटे सोनू व मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बुधवार को मुख्य आरोपी भुवनेश को भी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इधर, सासनी गेट के सराय गढ़ी निवासी महेंद्र सिंह के अनुसार मंगलवार दोपहर वह अपनी पत्नी रेनू व बेटी कुमकुम संग दवा लेने बाइक पर जा रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वे सोनपाल नगर पहुंचे तो इलाके के दबंग राजेश व आकाश ने उन्हें रोक लिया और जबरन रंग लगाकर होली खेलने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर दी। उन्हें जमकर पीटा गया। मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा गांधीपार्क के प्रभात नगर में पुरानी रंजिश में कुछ दबंग युवकों ने एक के घर में घुसकर मारपीट की। इसे लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और आरोप है कि फायरिंग तक हो गई। मगर पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो गया।

इसके अलावा सासनी गेट के मथुरा रोड कृष्णा धाम निवासी संतोष उपाध्याय ने मोहल्ले के ही लोगों के खिलाफ होली की आड़ में घर पर पथराव करने और घर से खींच ले जाकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। आरोप है कि उनके द्वारा फायरिंग तक की गई और वह किसी तरह बचकर वहां से भागे। तहरीर पर पथराव में कार क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर रही है। इसी तरह सराय हरनारायण निवासी संतोषी देवी ने मोहल्ले के लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट करने व भद्दी हरकत करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इसके अलावा शहर के अवतार नगर, सराय कुंज, चूहरपुर, बन्नादेवी आदि इलाकों में भी होली पर दो पक्षों में मारपीट की घटनाएं हुईं हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed