हाय री मंहगाई: सर्दियों में चाय की चुस्की भी हुई महंगी...साबुन के दाम भी चढ़े
बाजार में चाय पत्ती पर करीब 65 रुपये किलो की तेजी है। खुली चाय पत्ती के दाम भी 50 रुपये किलो तक बढ़ गए हैं। वहीं नहाने के साबुन के दाम भी 20 फीसदी तक बढ़े हैं।
विस्तार
खाद्य तेल, दाल, सब्जी के बाद अब चाय की चुस्की भी आपको महंगाई का अहसास कराएगी। इसके अलावा नहाने के साबुन के भी दाम चढ़ गए हैं। बाजार में चाय पत्ती पर करीब 65 रुपये किलो की तेजी है। खुली चाय पत्ती के दाम भी 50 रुपये किलो तक बढ़ गए हैं। वहीं नहाने के साबुन के दाम भी 20 फीसदी तक बढ़े हैं। जिससे एक बार फिर आम जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।
पिछले पंद्रह दिनों में चायपत्ती के दाम में करीब 65 रुपये प्रति किलो की तेजी देखने को मिल रही है। कारोबारियों की मानें तो सिलीगुड़ी में इस बार चायपत्ती की ऑक्शन पहले के मुकाबले लगभग दोगुने दामों पर हुई है। ऑक्शन में 100 रुपये किलो वाली चायपत्ती 200 रुपये किलो बिकी है। जिसके कारण मूल्य वृद्धि हुई है। इसके अलावा नहाने का साबुन भी 20 फीसदी तक महंगा हो गया है। कारोबारियों की मानें तो पिछले दो महीनों में पाम ऑयल पर 40 फीसदी तक की तेजी आई है। जिसके कारण साबुन के दाम भी बढ़ गए हैं।
पिछले पंद्रह दिनों में चायपत्ती के दाम में काफी तेजी आई है। खुली हुई चायपत्ती पर 200 से 250 रुपये हो गई है। वहीं ब्रांडेड चायपत्ती पर 65 रुपये किलो तक की तेजी आई है।-दुष्यंत किराना, थोक चाय कारोबारी
विज्ञापन विज्ञापनपिछले दो महीनों में पाम आयल के दामों में करीब 40 रुपये प्रति किलो तक की तेजी आई है। जिसके कारण नहाने का साबुन महंगा हो गया है। सौ ग्राम का 30 वाला साबुन अब 37 रुपये का है।-मिजुल मित्तल, थोक साबुन कारोबारी
महंगाई के कारण घरों का बजट बिगड़ रहा है। प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले लोगों को अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार को महंगाई पर लगाम लगानी होगी।-ऋचा दीक्षित, बैंक कॉलोनी
सब्जी, तेल के बाद अब चाय पत्ती औऱ साबुन भी महंगे हो गए हैं। महंगाई की मार से कोई भी रसोई का सामान नहीं बच पाया है। देश का विकास होना अच्छा है, लेकिन महंगाई भी कंट्रोल होनी चाहिए।-अखिलेश शर्मा, नौरंगाबाद
कीमत पहले और अब
- खुली चाय 200 रुपये किलो 250 रुपये किलो
- ब्रांडेड चाय 435 रुपये किलो 495 रुपये किलो
- ब्रांडेड साबुन 30 रुपये प्रति सौ ग्रा. 37 रुपये प्रति सौ ग्रा.
- नहाने का साबुन 22 रुपये प्रति सौ ग्रा. 27 रुपये प्रति सौ ग्रा.
- पाम आयल 150 रुपये किलो 40 रुपये किलो