धरा हरियाली से भर उठी है। हवा के झोके मन मयूर की तरह झूम रहे हैं। गीत - मल्हार की भी गूंज है। हरियाली तीज की हर तरफ धूम है। गांवों में आम के पेड़ों पर झूले पड़ गए हैं तो शहर में खूब उल्लास है। हरियाली तीज के त्योहार को लेकर नवविवाहिताओं में खास उत्साह है। बाजार सज उठे हैं। खासकर शृंगार का बाजार दमक रहा है। टीवी सीरियल और फिल्मों के नामों से तमाम चूड़ियों के ब्रांड बाजार में हैं। जिन्हें महिलाएं खूब पसंद कर रही हैं।
शहर के सेंटर प्वांइट बाजार, एडीए कॉलोनी, रामघाट रोड, रेलवे रोड, महावीरगंज, बड़ा बाजार, गली गुल्लू जी, मामू भांजा, अमीर निशा, ऊपरकोट आदि प्रमुख बाजारों में सोमवार को महिलाओं की खासी भीड़ रही। खासकर शृंगार एवं कपड़ों का बाजार दमक उठा। महिलाओं की वस्त्र खरीदने में हरे रंग की खासी मांग है। मामू भांजा में चूड़ी की दुकानों पर चूड़ियां खरीदने के लिए देर रात तक महिलाओं की भीड़ जुटी रही। उधर, शहर के महिला क्लबों ने हरियाली तीज को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। कहीं झूले सजेंगे तो कहीं हिंडोले पर महिलाएं सावन गीतों की मस्ती में झूमती नजर आएंगी। इसके लिए होटल व पार्क बुक कर लिए गए हैं। इस मौके पर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं के साथ ही हंसी- ठिठोली होगी।