Aligarh News: चलती स्कूल बस के टूटे फर्श से नीचे गिरी छात्रा पहिये से कुचली, हुई मौत, जमकर हंगामा और लगा जाम
रोजाना 40 स्कूली बच्चों को लेकर दौड़ने वाली इस बस की हालत इतनी खस्ता थी कि खुद देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह बिना फिटनेस के दौड़ रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्कूल बस में सवार होकर घर लौट रही गंगीरी क्षेत्र की छात्रा अनन्या (07) की चलती बस के टूटे फर्श से नीचे गिरकर उसी बस के पहिये की चपेट में आने से मौत हो गई। 28 फरवरी दोपहर यह दुर्घटना कासगंज के ढोलना क्षेत्र में हुई। दुर्घटना के बाद चालक छात्रा को घायल अवस्था में लेकर मलसई चौराहे पर पिता के पास पहुंच गया। छात्रा को मृत देख परिजन बिफर गए और चालक संग मारपीट करते हुए बस में तोड़फोड़ कर दी। साथ में जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। बाद में किसी तरह पुलिस के समझाने पर हंगामा शांत हुआ। चूंकि दुर्घटना ढोलना में हुई है, इसलिए बच्ची के शव व हिरासत में लिए गए बस चालक को ढोलना भेज दिया गया है।
दादों के गांव नाय-भाय के रवि कुमार परिवार सहित गंगीरी चौराहे पर रहते हैं। मलसई चौराहे पर उनका अपना जनसेवा केंद्र है। उनके दो बच्चों में दस वर्ष का यजत पहली कक्षा में व सात वर्ष की अनन्या यूकेजी में दादों के गांव भुड़िया स्थित माउंट इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ते थे। रोजाना की तरह यजत व अनन्या छुट्टी के बाद स्कूल बस में सवार होकर घर आ रहे थे।
अनन्या बस के पिछले पहिये के ठीक ऊपर वाली सीट पर बैठी थी। बस चालक को कुछ बच्चे जिले के बॉर्डर पर कासगंज के ढोलना क्षेत्र में भी छोड़ने होते हैं। इसलिए पहले वह ढोलना क्षेत्र के बच्चों को छोड़ने गया। वहां से लौटते समय तीन बजे करीब ढोलना के बिरहरा गांव के पास चलती बस के टूटे फर्श से सीट पर बैठी अनन्या अचानक नीचे गिर गई और सीधे पहिये के नीचे आ गई। इस पर यजत ने शोर मचाया तो चालक ने बस रोकी।
आनन-फानन नीचे जाकर देखा तो पहिये की चपेट में आकर घायल अनन्या सांसें ले रही थी। इस पर वह अनन्या को बस में बैठाकर तेजी से उसके पिता के पास मलसई चौराहे पर लेकर पहुंचा। तब तक बच्ची की मृत्यु हो गई। बच्ची का शव देख वहां भीड़ जमा हो गई। उत्तेजित भीड़ ने चालक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया और बस में तोड़फोड़ करते हुए मलसई चौराहे पर अलीगढ़-कासगंज रोड पर जाम लगा दिया।
सूचना पर गंगीरी पुलिस व सीओ छर्रा संजीव तोमर आदि पहुंच गए। पूरा मसला समझने के बाद लोगों को समझाकर शांत किया। एक घंटे के प्रयास में जाम खुल सका। चूंकि दुर्घटना ढोलना में हुई थी। इसलिए वहां से पुलिस बुला ली गई। बाद में ढोलना पुलिस बच्ची का शव, बस चालक व बस को अपने साथ ले गई। आगे की कार्रवाई वहीं की जा रही है।
बच्ची बस में जिस सीट पर सवार थी, उस जगह फर्श टूटा हुआ था। वहीं से बच्ची चलती बस से नीचे गिरी और सीधे पहिये के चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने हंगामा किया था। उन्हें समझाकर शांत किया गया है। बाकी कार्रवाई कासगंज में कराई जा रही है। - संजीव तोमर, सीओ छर्रा
तो बिना फिटनेस चल रही थी बस
रोजाना 40 स्कूली बच्चों को लेकर दौड़ने वाली इस बस की हालत इतनी खस्ता थी कि खुद देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह बिना फिटनेस के दौड़ रही थी। यह बात खुद सीओ ने स्वीकारी है। बाकी जांच कासगंज में पुलिस द्वारा कराई जाएगी। साथ में इलाके में ऐसी बसों को लेकर अब चेकिंग अभियान शुरू कराया जाएगा।
होली से पहले परिवार में मचा कोहराम
रवि कुमार के दो बच्चों में एक बेटे के अलावा एक बेटी थी। होली को लेकर उनकी मां घर में गुझिया आदि बनाने में व्यस्त थीं। जब दोपहर में उन्हें इस घटना की जानकारी हुई तो पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार में कोहराम मच गया। खुद यजत भी अपनी बहन की मौत पर अवाक था। वह कुछ बोल नहीं पा रहा था।