यूपी: मधुमक्खियों से भरी 80 पेटियां लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार
गंगीरी क्षेत्र के भदरोई में 10 अगस्त की रात एक बाग से मधुमक्खी पालक को बंधकर बनाकर नकदी और कई लाख रुपये कीमत की मधुमक्खियों से भरी 80 पेटियां लूटने वाले गिरोह को पुलिस ने शुक्रवार रात दबोच लिया। दबोचे गए गिरोह से लूटा गया माल तो बरामद हुआ ही है। साथ में पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह सरगना मुदित शर्मा ने हाथरस के एक प्रॉपटी डीलर की हत्या के लिए पांच लाख की सुपारी तय कर रखी थी। अगले सप्ताह हत्या को अंजाम दिया जाना था।
पुलिस ने दबोचे गए बदमाशों को जेल भेज दिया है। एक फरार बदमाश की तलाश जारी है। वहीं हाथरस के प्रापर्टी डीलर की सुपारी के संबंध में हाथरस पुलिस को अवगत करा दिया है। यह सुपारी हाथरस के ही दूसरे प्रापर्टी डीलर द्वारा दी गई थी।
एसपी देहात मणिलाल पाटीदार ने शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया किया कि शुक्रवार रात गंगीरी पुलिस और एसओजी ने सूचना के आधार पर चितरासी बंबा पर घेराबंदी कर एक बुलेरो पिकअप कार में सवार पांच लोगों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया। पकड़े गए गिरोह का सरगना मुदित शर्मा उर्फ लकी पुत्र अरविंद शर्मा निवासी मानसरोवर कालोनी, पन्नी नगर, कोतवाली बुलंदशहर है।
हाल में यह बन्नादेवी इलाके में रह रहा था। पूछताछ में इसने मधुमक्खी पालक को लूटने की बात कुबूल की। गिरोह के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस, लूटी गई 78 मधुमक्खियों से भरे बॉक्स, एक बुलेरो पिकअप बरामद की है।
मुदित सहित अन्य पांच बदमाशों के खिलाफ 29 मुकदमे दर्ज हैं। मुदित के खिलाफ रेप, हत्या जैसे संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश दिनेश की तलाश में दबिश दी जा रही है। सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
हाथरस के प्रॉपटी डीलर की हत्या को ले रखी थी सुपारी
एसपी देहात मणिलाल पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में बदमाश मुदित ने बताया कि उसके गिरोह को हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र की अंबेडकर कॉलोनी के एक प्रॉपटी डीलर अजीत शर्मा ने हाथरस के ही दूसरे प्रॉपटी डीलर संदीप उर्फ टीटू की पांच लाख में सुपारी दी थी। बतौर एडवांस 20 हजार रुपये भी दे रखे हैं। गिरोह प्रॉपटी डीलर संदीप की अगले सप्ताह हत्या करने की प्लानिंग बना रहा था।
एसपी देहात के अनुसार हाथरस पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है। वहां की एसओजी को अलर्ट किया गया है। अजीत शर्मा फरार हो गया है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ गिरोह के संबंध में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इससे पूर्व में गिरोह ने सुपारी लेकर कितनी हत्याएं की हैं। इधर, जांच में पता चला है कि संदीप पर भी हाथरस में मुकदमे हैं।
यह बदमाश पकड़े गए
1. मुदित शर्मा उर्फ लकी निवासी मानसरोवर कालोनी, पन्नी नगर, कोतवाली बुलंदशहर
2. लेखराज पुत्र केशवदेव निवासी औमुआ, अतरौली
3. मोहर सिर्फ उर्फ गुड्डू निवासी नन्नू सिंह निवासी चौमुआं, अतरौली
4. पुष्पेंद्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी चौमुआं, अतरौली
5. रोबिन पुत्र रामअवतार निवासी औलीना, औरंगाबाद, बुलंदशहर
फरार बदमाश
दिनेश पुत्र अनार सिंह निवासी चौमुआं, अतरौली
गिरोह को गिरफ्तार करने वाली टीम
इंस्पेक्टर अवधेश कुमार, एसओजी प्रभारी छोटेलाल, सर्विलांस प्रभारी अभय शर्मा, संजीव कुमार, एसआई अनिल कुमार यादव, एसआई नौशाद अली खान, एसओजी टीम के राकेश कु मार, विनोद कुमार, दुर्विजय सिंह, रिषी कुमार, मनोज कुमार, धीरज त्यागी, ज्ञान वीर सिंह, गंगीरी थाना सिपाही अवनेश कुमार, भक्तराज वीरेंद्र कुमार