यूपी रोडवेज बस: बेधड़क, आधार दिखाकर फ्री होगा सफर, सरकार लाई यह योजना
60 वर्ष या उससे अधिक उम्र वाली महिलाएं रोडवेज की साधारण श्रेणी वाली किसी भी बस में सफर कर सकती हैं। आधार व मतदाता पहचान पत्र में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर पात्रता तय की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में सफर पूरी तरह निशुल्क हो गया है। सोमवार से बुजुर्ग महिलाएं उम्र की पुष्टि के लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाकर मुफ्त यात्राएं कर सकेंगी। सरकार के इस फैसले बुजुर्ग महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
मुफ्त यात्रा की सौगात मिलने पर अब बुजुर्ग महिलाएं अलीगढ़ से हाथरस, आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, नोएडा, दिल्ली, एटा, कासगंज समेत विभिन्न मार्गों पर रोडवेज बसों में सफर कर सकेंगी। इससे धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक कार्यों के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करने वाली बुजुर्ग महिलाओं को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र वाली महिलाएं रोडवेज की साधारण श्रेणी वाली किसी भी बस में सफर कर सकती हैं। आधार व मतदाता पहचान पत्र में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर पात्रता तय की जाएगी।
योगी जी ने बहुत अच्छा किया। उम्र बढ़ने के बाद पैसों की जरूरत ज्यादा होती है। अब बस का किराया नहीं देना पड़ेगा तो बचा हुआ पैसा दवा और घर के दूसरे जरूरी कामों में खर्च कर सकेंगे। - गीता देवी
सोचा नहीं था कि 60 साल की उम्र के बाद ऐसा लाभ मिलेगा। आधार कार्ड दिखाकर यात्रा हो जाएगी, यह अच्छी सुविधा है। हम जैसे बुजुर्गों के लिए यह सिर्फ मुफ्त यात्रा नहीं, बल्कि बड़ी मदद है। - मैनावती
भगवान मुख्यमंत्री योगी जी को खुश रखें। उन्होंने हमारी उम्र का ध्यान रखा। अब मन हो तो मंदिर जा सकेंगे, रिश्तेदारों से मिलने जा सकेंगे और किराये की चिंता नहीं रहेगी। - कृपा देवी
सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए बहुत अच्छा फैसला लिया है। इस उम्र में छोटी-सी बचत भी बहुत मायने रखती है। योगी जी ने अच्छा किया, हम उनका धन्यवाद करते हैं।- ललिता देवी