फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   first flight from Aligarh airport will take place on March 11

Aligarh Airport: अलीगढ़ से 11 मार्च को होगी पहली उड़ान, 19 सीटर विमान में नहीं है शौचालय की सुविधा

Sun, 10 Mar 2024 04:46 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: चमन शर्मा Updated Sun, 10 Mar 2024 04:46 AM IST
सार

यदि आप 19 सीटर विमान में यात्रा कर रहे हैं तो जान लें  कि इसमें शौचालय की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उड़ान का संचालन करने वाली फ्लाईबिग की ओर से सफर करने वाले सभी यात्रियों से शौचालय उपयोग के उपरांत ही फ्लाइट में बैठने की अपील की गई है। फ्लाईबिग का चेक इन काउंटर प्रस्थान समय से करीब दो घंटे पूर्व ही खुल जाएगा और 45 मिनट पूर्व बंद हो जाएगा।

विज्ञापन
first flight from Aligarh airport will take place on March 11
अलीगढ़ एयरपोर्ट - फोटो : संवाद

विस्तार

अलीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान को लेकर शहरवासियों का आठ साल का इंतजार 10 मार्च को खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का सुबह 10:50 बजे वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, मुख्य कार्यक्रम आजमगढ़ में होगा। प्रधानमंत्री अलीगढ़, आजमगढ़, श्रावस्ती, मुरादाबाद, चित्रकूट समेत पांच शहरों से हवाई सेवा की वर्चुअल शुरूआत करेंगे। लखनऊ से अलीगढ़ के लिए सोमवार को पहली उड़ान होगी। 

विज्ञापन


स्थानीय स्तर पर एयरपोर्ट पर भव्य कार्यक्रम किया जा रहा है। शनिवार को डीएम विशाख जी समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों को परखा और अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए। अलीगढ़ एयरपोर्ट के विमानिक संचार प्रभारी अधिकारी एसएस अग्रवाल ने कहा कि अलीगढ़ एयरपोर्ट से 19 सीटर विमान उड़ान भरेंगे। पहले चरण में 11 मार्च से लखनऊ से अलीगढ़ के लिए सेवा शुरू होगी। 19 सीटर विमान हर रोज अलीगढ़ से लखनऊ व लखनऊ से अलीगढ़ के लिए आया-जाया करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से एसएसबी के सशस्त्र 50 जवानों व मोबाइल गाड़ी की तैनाती की गई है। जिनकी आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों में ड्यूटी रहेगी। उड़ान की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी फ्लाई बिग के अधिकारी और कर्मचारी एयरपोर्ट पर आ गए हैं। यहां बने काउंटर से टिकट की ऑफलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है, जल्द ही ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन

अलीगढ़ एयरपोर्ट
समारोह के अगले दिन 11 मार्च को 19 सीटर विमान लखनऊ से अलीगढ़ तक की पहली उड़ान भरेगा। अलीगढ़ से दोपहर बाद लखनऊ के लिए उड़ान होगी। लखनऊ से अलीगढ़ आने वाली पहली उड़ान के लिए सभी 19 सीटें बुक हो चुकी हैं। अलीगढ़ से लखनऊ जाने वाली दूसरी उड़ान के कुछ टिकट अभी बचे हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


जिले के प्रभारी मंत्री समेत जनप्रतिनिधि होंगे शामिल 
डीएम विशाख जी ने बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के गन्ना एवं चीनी मिल मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मौजूद रहेंगे। समारोह में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान, सांसद सतीश गौतम, हाथरस सांसद राजवीर दिलेर, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, जिले के सातों विधायक, तीनों एमएलसी समेत तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन को स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में करीब 500 अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।  

19 सीटर विमान में नहीं है शौचालय की सुविधा   

यदि आप 19 सीटर विमान में यात्रा कर रहे हैं तो जान लें  कि इसमें शौचालय की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उड़ान का संचालन करने वाली फ्लाईबिग की ओर से सफर करने वाले सभी यात्रियों से शौचालय उपयोग के उपरांत ही फ्लाइट में बैठने की अपील की गई है। फ्लाईबिग का चेक इन काउंटर प्रस्थान समय से करीब दो घंटे पूर्व ही खुल जाएगा और 45 मिनट पूर्व बंद हो जाएगा। कंपनी की ओर से 9 मार्च की देर शाम से ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अभी तक एयरपोर्ट के काउंटर से ऑफ लाइन बुकिंग हो रही थी।  
अलीगढ़ एयरपोर्ट
शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की कीमत से भी कम में हवाई उड़ान

अलीगढ़ एयरपोर्ट से शुरू हो रही उड़ान शहरवासियों के कीमती समय के साथ पैसा भी बचाएगी। ट्रेन में प्रथम श्रेणी कोच में जितना किराया देकर आप दूरदराज के शहरों के लिए कई घंटों का सफर तय करते हैं, कीमती समय सफर में जाया करते हैं वो विमान सेवाएं शुरू होने के बाद नहीं करना पड़ेगा। लखनऊ लिए शुरू होने जा रही विमान सेवा में किराया ट्रेन के फर्स्ट एसी के बराबर ही है। यानि जिस किराए में आप ट्रेन में सफर कर घंटों का समय खराब करते हैं, उतने ही किराए में बहुत कम समय में विमान से आप लखनऊ पहुंच सकेंगे।
 
दिल्ली के रास्ते अलीगढ़ से गुजरने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में लखनऊ तक प्रथम श्रेणी कोच में सफर के बदले यात्रियों को करीब 1500 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। सफर में करीब पांच घंटे का समय खर्च होता है। 19 सीटर विमान का यह किराया ट्रेन के फर्स्ट एसी के तत्काल टिकट की कीमत से भी कम है। विमान में अलीगढ़ से लखनऊ तक के 1348 रुपये खर्च होंगे और समय भी 45 मिनट से लेकर अधिकतम डेढ़ घंटा लगेगा।

कल्याण सिंह ने किया था धनीपुर हवाई पट्टी का लोकार्पण 
धनीपुर एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्मृति में मुख्य गेट प्रेरणा द्वार के नाम से बनाया गया है। यहां एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी निधि से जीटी रोड से एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर स्वागत द्वार बनवाकर लगवाया है। करीब तीन साल पहले जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह की ओर से एयरपोर्ट का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा गया था। इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जा चुका है। संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर करने की घोषणा कर सकते हैं। सबसे खास बात है कि धनीपुर हवाई पट्टी का उद्घाटन भी तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने ही किया था। 

उड़ान का ऑनलाइन टिकट चर्चा में

सोशल मीडिया पर अलीगढ़ से लखनऊ तक के उड़ान के टिकट को लेकर खासी चर्चा छिड़ी हुई है। ऑनलाइन पोर्टल पर टिकट पर एचआरएच अलीगढ़ लिखा हुआ है। चर्चा है कि भविष्य में अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किया जा सकता है। लंबे समय से अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किए जाने की मांग चली आ रही है। 
अलीगढ़ एयरपोर्ट
11 मार्च से शुरू होगी पहली उड़ान 

लखनऊ एयरपोर्ट से पहला 19 सीटर विमान 11 मार्च दोपहर 12:55 बजे उड़ान भरेगा। यह अलीगढ़ एयरपोर्ट पर 2:25 बजे पहुंचेगा। सबसे पहले इसे जल नमस्कार किया जाएगा और उसमें सवार यात्रियों का स्वागत होगा। करीब एक घंटे तक यह विमान यहां रुकेगा। इसके बाद दोपहर 3:25 बजे अलीगढ़ से लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा।

पहले दिन सफर करने वाले यात्री 
पहले दिन लखनऊ से अलीगढ़ आने वाले विमान में सफर के लिए शेखर सर्राफ समूह के एमडी सुमित सर्राफ, सामाजिक संगठन के अध्यक्ष संजय माहेश्वरी ने टिकट बुकिंग कराई है। अलीगढ़ से लखनऊ जाने वाले विमान में पहली टिकट की बुकिंग बीडीके समूह के निदेशक विशाल गर्ग ने कराई है। इसके अलावा विमान का संचालन कर रहे बिग चार्टर प्राइवेट लिमिटेड (फ्लाईबिग) के सीएमडी कैप्टन संजय मंडाविया, छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, लोकेश गर्ग, अनूप प्रताप सिंह, प्रवीण कुमार, मनीष कुमार गर्ग, तेजवीर, अनीस कुमार आदि ने भी अलीगढ़ से लखनऊ तक की यात्रा की टिकट बुकिंग कराई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed