Aligarh Road Accident: बेटी को स्कूल से लेकर आ रहे पिता की हादसे में मौत, छात्रा जख्मी, चालक हिरासत में
चौराहे पर सड़क हादसों से बचने के लिए तालानगरी में छह माह पहले ही ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन अधिकांश समय सिग्नल ठीक से काम नहीं करते हैं। इसके अलावा यातायात पुलिस कर्मियों के तैनात न रहने के कारण वाहन चालक इन सिग्नलों को अनदेखा कर गुजर जाते हैं।
विस्तार
अलीगढ़ के हरदुआगंज अंतर्गत रामघाट रोड पर तालानगरी क्षेत्र में 14 अक्तूबर को स्कूल की छुट्टी होने पर बेटी को बाइक से लेकर घर आ रहे पिता की रोडवेज बस की चपेट में आकर माैत हो गई। हादसे में बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के जटपुरा निवासी धर्मेंद्र कुमार (44) किसान थे। उनकी 13 वर्षीय बेटी सोनाक्षी तालानगरी स्थित मदर्स टच स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह बेटी को स्कूल से बाइक से लेकर घर जा रहे थे। कोंडरा चौराहे को पार करते समय अतरौली की ओर से आ रही उत्तराखंड की काशीपुर डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
राहगीरों की मदद से घायलों को पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया। बेटी सोनाक्षी का उपचार जारी है। धर्मेंद्र एक बेटा व बेटी के पिता थे। सीओ अतराैली राजीव द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ट्रैफिक सिग्नल लगे, देखने वाला कोई नहीं
इस हादसे के पीछे सबसे बड़ी वजह ट्रैफिक सिग्नल को अनदेखा करना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार बस चालक ने बताया कि रोड पर ग्रीन सिग्नल था। जैसे ही उसने चौराहा पार किया, तभी हादसा हो गया। बस चालक की बात कितनी सही है, यह पुलिस की जांच का विषय है।
चौराहे पर सड़क हादसों से बचने के लिए तालानगरी में छह माह पहले ही ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन अधिकांश समय सिग्नल ठीक से काम नहीं करते हैं। इसके अलावा यातायात पुलिस कर्मियों के तैनात न रहने के कारण वाहन चालक इन सिग्नलों को अनदेखा कर गुजर जाते हैं।