कार्रवाई: अलीगढ़ के रमेश विहार-ज्ञान सरोवर के 100 फुटा रोड से हटाया अतिक्रमण, एडीए भी चलाएगा अभियान
100 फुटा रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ एडीए भी अभियान चलाएगा। एडीए के अधिकारियों ने इसको लेकर चेतावनी भी जारी कर दी है।
विस्तार
अलीगढ़ के रमेश विहार और ज्ञान सरोवर कॉलोनी 100 फुटा रोड पर 29 अगस्त को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रवर्तन दल की टीम और अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। घरों के सामने से स्थायी निर्माण को हटाया।
सीएम ग्रिड योजना के तहत रमेश विहार कॉलोनी 100 फुटा रोड का चौड़ीकरण और नाला निर्माण किया जाना है। सड़क के नव निर्माण से पूर्व कॉलोनी के लोगों ने अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। 28 अगस्त को नगर निगम ने कॉलोनी में मुनादी कराकर खुद ही अतिक्रमण हटाने को कहा था। इसके लिए एक दिन का समय दिया गया था। 29 अगस्त को सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह के नेतृत्व में नगर निगम संपत्ति विभाग प्रवर्तन दल और निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण को हटवाया।
यह सड़क आधुनिक मानकों पर विकसित की जाएगी, जिसमें वर्ल्ड क्लास लैंड स्कैपिंग, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग, फुटपाथ, वर्षा जल निकासी तथा सजावटी पौधों की फुलवारी भी शामिल होगी। सीएम ग्रिड के तहत यह कार्य इस सड़क को नई पहचान देगा। अभी अतिक्रमण हटाया गया है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
पार्किंग बना ली थी भवन स्वामियों ने
ज्ञान सरोवर कॉलोनी में 100 फुटा रोड पर लगभग 20 से 30 फीट तक अतिक्रमण था। भवन स्वामियों ने घरों के बाहर बाउंड्रीवाल कर बगीचे और पार्किंग बनाकर अतिक्रमण कर रखा था।
एडीए भी चलाएगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
100 फुटा रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ एडीए भी अभियान चलाएगा। एडीए के अधिकारियों ने इसको लेकर चेतावनी भी जारी कर दी है। अवैध रूप से पक्का और स्थायी निर्माण करने वालों को अधिकारियों ने चिह्नित भी कर लिया है। एडीए सचिव दीपाली भार्गव ने कहा कि नक्शे के विपरीत कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।