भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईडी का छापा यूं ही पड़ता रहेगा और विपक्षी दल का कोई भी नेता इससे नहीं बचेगा। हर किसी को नपना है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बयान पर मचे घमासान पर उनका बचाव किया।
टिकैत ने बताया कि अग्निपथ योजना के विरोध में 30 जुलाई को रास्ता जाम कार्यक्रम था, लेकिन हरियाली तीज के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है।
राकेश टिकैत शुक्रवार को अलीगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। मीडिया से बातचीत में टिकैत ने कहा कि 2024 में भाजपा फिर सत्ता में आएगी, लेकिन बेईमानी से। इसलिए विपक्षी दलों को एक मंच पर आना होगा। वैसे भी भाजपा तोड़फोड़ में विश्वास रखती है, जिस घर में घुस जाए, उसे बर्बाद कर देती है। वहीं, राकेश टिकैत ने कहा कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने जानबूझकर राष्ट्रपति के बारे में नहीं बोला था, उनसे गलती हुई, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। अब भाजपा को चाहिए कि बेवजह मामले को तूल देकर लोगों का ध्यान न भटकाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सदन नहीं चलने देगी, जिस तरह से विपक्ष के एक नेता के साथ अभद्रता की गई है, वह ठीक नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष के साथ जो हुआ, वह भी ठीक नहीं है। कोई शब्द मुंह से निकल गया और कहने वाले ने अपनी गलती मान ली तो अब भाजपा क्या चाहती है। अधीर रंजन चौधरी कह भी रहे हैं कि मैं राष्ट्रपति से मिलकर माफी मांगूंगा, इस बात को बढ़ाना गलत है। भाजपा को विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा, लुलु मॉल प्रकरण पर उन्होंने कहा कि वहां पर हिंदुओं ने नमाज पढ़ी थी, न कि मुसलमानों ने, यह भाजपाइयों की साजिश है।