Doctor Death: गिरफ्तारी से एक सप्ताह पहले, दयादास महाराज के रूप में तारीख करने अलीगढ़ आया था देवेंद्र शर्मा
डा.देवेंद्र उर्फ डॉक्टर डेथ के खिलाफ एक मुकदमा सत्र न्यायालय में है। जिसके विषय में जानकारी मिल गई है। अब प्रयास है कि उसे जल्द तलब कराकर मुकदमे का निस्तारण कराया जाए। बाकी अन्य मुकदमों के विषय में निचली अदालत में लंबित होने व कुछ में सुलहनामा दाखिल होने की जानकारी मिल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
100 से ज्यादा हत्याएं कर चुका कुख्यात डा.देवेंद्र शर्मा उर्फ डॉक्टर डेथ बेशक दो वर्ष से पैरोल जंप कर फरार रहा। मगर वह अपने लंबित मुकदमों की पैरवी को प्रयासरत रहा। इसी क्रम में छर्रा में कारोबारी पर हमले के मुकदमे में वह दिल्ली पुलिस की गिरफ्तारी से एक सप्ताह पहले भी यहां दयादास महाराज के रूप में तारीख करके चला गया। इस मुकदमे में इस वर्ष में उसने दो बार अदालत में हाजिरी लगाई। मगर उसके आने की किसी को भनक तक नहीं लग सकी। अब उसे स्थानीय अदालत ने 17 जून को दिल्ली तिहाड़ जेल से तलब किया है।
दिल्ली पुलिस द्वारा राजस्थान के बांदीकूई से 20 मई को दबोचे गए डा.देवेंद्र उर्फ डॉक्टर डेथ उर्फ दयादास महाराज के विषय में उजागर हुआ था कि वह वर्ष 2023 से पैरोल जंप कर फरार हुआ। उस पर दर्ज दिल्ली के सात मामलों में उसे आजीवन कारावास व गुरुग्राम के एक मुकदमे में फांसी हो चुकी है। ऐसे में ये तो कम ही मुमकिन है कि वह जेल से बाहर रह पाए। मगर अपने फरारी काल में उसने अपने उन मुकदमों को निस्तारित कराने का प्रयास किया, जिनमें लंबे समय से प्रक्रिया नहीं हुई। इसी क्रम में उसके फरारी काल में अलीगढ़ के मुकदमे में हाजिर होने की पुष्टि हुई है।
2017 में जेल से हुआ था कोर्ट में पेश
मूल रूप से छर्रा के पुरैनी का डा.देवेंद्र उर्फ डॉक्टर डेथ पर अपने जिले में भी चार मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें एक मुकदमा बरला का 1994 का, दूसरा 2004 में अतरौली में हत्या का, तीसरा 2014 में बरला में झूठी गवाही का व दो मुकदमे 2014 के छर्रा में कारोबारी पर हमला व रंगदारी से संबंधित हैं। इनमें से 2014 के छर्रा में कारोबारी पर हमले के मुकदमे का ट्रायल अपर सत्र न्यायालय में चल रहा है। यह मुकदमा 2017 में सेशन सुपुर्द हुआ। तब उसे जेल से पेशी पर लाया गया। इसके बाद मार्च 2020 से ट्रायल शुरू होकर गवाही में लंबित है। इसके बाद जेल में होने के कारण वह काफी समय तक पेशी पर नहीं आया।
इस वर्ष दो बार खुद लगाई हाजिरी
इधर, अब वर्ष 2025 में जनवरी, फरवरी व मार्च माह में उसने अधिवक्ता के जरिये न्यायालय में हाजिरी माफी की अर्जी लगवाई है। वहीं 22 अप्रैल व 14 मई को वह खुद अदालत में हाजिरी लगाकर गया है। इस घटना के एक सप्ताह बाद ही वह पकड़ा गया। अब न्यायालय में उसके विषय में दिल्ली तिहाड़ जेल में होने का उल्लेख है। अदालत ने उसे 17 जून को जेल से तलब किया है। वहीं इसका दूसरा साथी दीपक निवासी विष्णुपुरी हाथरस गेट हाथरस जमानत पर है। वह भी लगातार मुकदमे में हाजिर है।
निचली अदालत में भी अन्य मुकदमों को तलाश रही टीम
डा.देवेंद्र उर्फ डॉक्टर डेथ के खिलाफ एक मुकदमा सत्र न्यायालय में है। जिसके विषय में जानकारी मिल गई है। अब प्रयास है कि उसे जल्द तलब कराकर मुकदमे का निस्तारण कराया जाए। बाकी अन्य मुकदमों के विषय में निचली अदालत में लंबित होने व कुछ में सुलहनामा दाखिल होने की जानकारी मिल रही है। उनके विषय में अभियोजन टीम विवरण तलाशने में लगी है। उनका विवरण मिलने के आगे प्रक्रिया तय की जाएगी। एडीजीसी हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि यह मुकदमा गवाही में विचाराधीन है। जिसके तहत आरोपी को तलबी समन जारी किए गए हैं। 17 जून तारीख नियत है।