Aligarh News: रामा देवी धर्मशाला के जर्जर हिस्से का नगर निगम ने शुरू कराया ध्वस्तीकरण, एक महिला बेहोश
कार्रवाई का विरोध करते हुए वहां रह रही महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया और ध्वस्तीकरण रोकने की मांग करने लगीं। विरोध के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच एक महिला जनक देवी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विस्तार
अलीगढ़ के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मीनाक्षी पुल स्थित रामा देवी धर्मशाला में सोमवार को नगर निगम ने जर्जर व गिरासू भवन के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए वहां रह रही महिलाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया और ध्वस्तीकरण रोकने की मांग करने लगीं। विरोध के दाैरान एक महिला बेहोश हो गई। इससे वहां अफसरों में खलबली मच गई। पुलिस फोर्स की देखरेख में देरशाम तक जर्जर भवन तोड़ने का सिलसिला जारी रहा।
80 साल से रह रहे शरणार्थी परिवार
वर्ष 1947 में लाहौर से आए रामादेवी धर्मशाला में रह रहे लोगों के अनुसार 40 से 50 शरणार्थी परिवारों को अभिनेता भारत भूषण ने यहां आश्रय दिया था। वर्तमान में यहां लगभग 10 से 12 परिवार निवास कर रहे हैं। रमादेवी धर्मशाला जर्जर और खतरनाक स्थिति में है। नगर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में भवन खाली कराने और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की है। इसी क्रम में नगर निगम, जिला प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें धर्मशाला परिसर में रह रहे लोगों को बेदखल करने व जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण के लिए सोमवार को पहुंची। नगर निगम की टीम सहायक नगर आयुक्त तपस्या यादव के नेतृत्व में जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और धर्मशाला की ऊपरी मंजिल पर रह रहे लोगों को भवन खाली करने के निर्देश दिए।
इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। इसके विरोध में रह रहे परिवारों की महिलाएं आ गईं। विरोध के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच एक बुजुर्ग महिला जनक देवी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे मौके पर माैजूद अफसरों में खलबली मच गई। मौजूद लोगों ने महिला को संभाला और उसकी तबीयत का हाल जाना। एंबुलेंस भी बुलाई गई, लेकिन महिला के होश में आ जाने पर सब कुछ सामान्य हो गया। देर शाम तक सुरक्षा व्यवस्था के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रही।
मीनाक्षी पुल के पास रमादेवी धर्मशाला के जर्जर होने पर ध्वस्तीकरण के आदेश हैं। बारिश के समय शहर के करीब 71 खतरनाक व जर्जर भवनों को नारंगी रंग के पेंट से चिन्हित किया गया है। इनमें धर्मशाला का जर्जर व गिरासू भवन भी शामिल है। इसे नगर निगम की टीम गिराने पहुंची थी। ध्वस्तीकरण का काम किया जा रहा है। मंगलवार को भी अन्य जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य किया जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि सुरक्षा के लिहाज से ऐसे जर्जर भवनों में रह लोग उन्हें स्वेच्छा से खाली कर दें, अन्यथा की स्थिति में इन भवनों को जबरन खाली कराया जाएगा।- प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त