कस्बे में साप्ताहिक बंदी के नियमों का पालन न होने से व्यापारियों में असंतोष है। बृहस्पतिवार को बंदी के दिन भी अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें खोल रहे हैं, जिससे नियमों की अनदेखी हो रही है। बंदी का सख्ती से पालन कराने के लिए सोमवार को व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन दिया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह पम्मी राना के नेतृत्व में व्यापारी अधिशासी अधिकारी रेनू यादव से मिले। व्यापारियों ने बताया कि निर्धारित बंदी के बावजूद कई दुकानदार मनमानी कर रहे हैं, जिससे अन्य दुकानदारों पर भी दबाव बनता है। साथ ही कस्बे और मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। प्रशासन से साप्ताहिक बंदी का सख्ती से पालन कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग की। इश दौरान मंडल अध्यक्ष श्यामबाबू शर्मा, चेतन राना, मुकेश कश्यप, हरीश माहेश्वरी, प्रिंस चौहान आदि मौजूद रहे।