Aligarh: दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने दी थी राजधानी एक्सप्रेस में बम की झूठी सूचना, गिरफ्तार, यह बताई वजह
रिंकू शराब पीने का आदी है। इसे लेकर वह आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। घरेलू कलह की वजह से पिछले तीन साल से पत्नी अपने बेटे को लेकर मायके में रह रही है। आए दिन वह थाने से ड्यूटी से गैर हाजिर हो जाता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली से पटना जा रही राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस में 17 जनवरी देर रात आग व बम की झूठी सूचना दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल रिंकू तेवतिया ने दी थी। गांव के एक व्यक्ति से चली आ रही रंजिश में उसे व उसके परिजनों का सबक सिखाने के लिए उसने ऐसा किया था। आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने आरोपी को नरेला-दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त गुलजार सिंह व जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने सोमवार को मीडिया को बताया कि शनिवार रात दिल्ली से पटना-बिहार जा रही गाड़ी संख्या 12310 राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने व बम रखे होने की सूचना जीआरपी रेलवे कंट्रोल रूम आगरा को फोन पर मिली थी। सूचना पर ट्रेन को अलीगढ़ स्टेशन पर रोककर चेकिंग की गई थी। सब कुछ सामान्य मिलने पर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। मामले में सहायक स्टेशन अधीक्षक कैलाश चंद्र मीणा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
यह भी पढ़ें... Aligarh: राजधानी एक्सप्रेस में आग व बम की झूठी सूचना देने वाले पर रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू, आरोपी के करीब पहुंच
उन्होंने बताया कि जिस मोबाइल से झूठी सूचना दी गई थी उसे ट्रैक किया गया तो वह दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल रिंकू तेवतिया का निकला। उसकी तैनाती थाना दयालपुर, जिला नार्थ ईस्ट में है। रिंकू मूल रूप से ग्राम विलायतपुर, थाना गुलावठी, बुलंदशहर व हाल निवासी पुलिस काॅलोनी नरेला, थाना नरेला इंडस्ट्रीयल, जिला आउटर नार्थ दिल्ली है।
चिकित्सीय अवकाश पर है आरोपी हेड कांस्टेबल
रिंकू इन दिनों पैर में चोट लगने के कारण चिकित्सकीय अवकाश पर है। पूछताछ में उसने बताया कि गांव के रविंद्र से पुरानी रंजिश चल रही है। रविंद्र के बेटे ने पांच साल पहले आत्महत्या कर ली थी, इसमें उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया गया था। पांच-छह दिन पहले रविंद्र उसके बेटे पीयूष व भूरा ने छोटे भाई बाॅबी के साथ मारपीट कर दी थी। भाई के घायल हो जाने व अस्पताल में भर्ती हो जाने पर उसे देखने के लिए गया था। 17 जनवरी को दिल्ली वापस आया और शाम को शराब पी ली। फिर नशे में जानबूझकर रविंद्र को फंसाने व बदला चुकाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस में बम रखने की सूचना दी थी, ताकि रविंद्र, उसके बेटों व रिश्तेदारों को पुलिस जेल भेज दे। आरोपी के पास से पुलिस ने झूठी सूचना देने में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद किया है।
तीन साल से पत्नी बेटे को लेकर मायके में रह रही
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि रिंकू शराब पीने का आदी है। इसे लेकर वह आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। घरेलू कलह की वजह से पिछले तीन साल से पत्नी अपने बेटे को लेकर मायके में रह रही है। आए दिन वह थाने से ड्यूटी से गैर हाजिर हो जाता था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।