{"_id":"59cd54354f1c1ba9538b4dbc","slug":"50-thousand-prize-money-akha-khazali-pile-in-encounter","type":"story","status":"publish","title_hn":" 50 हजार का इनामी विकास उर्फ खुजली मुठभेड़ में ढेर ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
50 हजार का इनामी विकास उर्फ खुजली मुठभेड़ में ढेर
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़।
Updated Fri, 29 Sep 2017 01:57 AM IST
विज्ञापन
50 हजार का इनामी विकास उर्फ खुजली मुठभेड़ में ढेर
- फोटो : Rupesh
विज्ञापन
ताबड़तोड़ लूटपाट की घटनाओं से परेशान अलीगढ़ पुलिस को गुरुवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। यहां पुलिस ने अनूपशहर रोड पर सीडीएफ चौकी क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान बदमाशों से हुई मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी लुटेरा विकास उर्फ खुजली मार गिराया। उसका एक साथी भागने में सफल रहा है। इस दौरान सीओ बरला अनुज चौधरी और क्राइम ब्रांच एसओजी प्रभारी अभय शर्मा के भी गोली लगी हैं, जिन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ में बदमाश के मार गिराए जाने की खबर शासन को दे दी गई है। मौके पर एसएसपी सहित जिले भर पुलिस अधिकारी देर रात तक फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग में जुटे थे। बता दें कि विकास 17 जुलाई को धनीपुर मंडी गेट के सामने हुई आईसीआईसीआई बैंक की कैश वैन में 35 लाख की लूट और उसके गार्ड की हत्या में वांछित था। इसी घटना में उस पर इनाम भी घोषित हुआ था।
विज्ञापन
गुरुवार शाम सीओ बरला अनुज चौधरी को सूचना मिली कि एक काले रंग की बिना नंबर की पैशन बाइक पर बदमाश घूम रहे हैं। इस सूचना से उन्होंने एसओजी की सर्विलांस टीम को अवगत करा दिया। इसके बाद रात करीब 10 बजे खबर मिली कि बाइक सवार बदमाश रामघाट रोड से अनूपशहर रोड पर निकलेंगे।
विज्ञापन
इस सूचना पर उन्होंने सीओ तृतीय संजीव दीक्षित, एसओ जवां अमित कुमार, एसओजी प्रभारी अभय शर्मा, इंस्पेक्टर टप्पल सुनील कुमार को सीडीएफ पर घेराबंदी के लिए बुलाया और खुद भी उधर ही चल दिए। इसी बीच सीडीएफ चौकी पर जब इस संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो यह बदमाश चौकी के बगल से सीडीएफ के अंदर बाइक लेकर भाग निकले। इस पर टीम ने पीछा किया तो करीब 500 मीटर अंदर जाकर उनकी बाइक उखड़ी सड़क पर फिसल गई। इसी बीच दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।
इसमें एक गोली बदमाश के कान के पास लगी, जबकि सीओ बरला के दाहिनी ओर पेट को छूती हुई गोली निकल गई। सब इंस्पेक्टर अभय शर्मा के दाहिने हाथ कुहनी के ऊपर छर्रे लग गए। हालांकि एक बदमाश भागने में सफल रहा। मुठभेड़ की खबर पाते ही मौके पर एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव, स्वाट टीम आदि पहुंच गए। बदमाश को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल सीओ और सब इंस्पेक्टर को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बदमाश की शिनाख्त विकास उर्फ खुजली निवासी गांव हरचंदपुर अहमदगढ़, बुलंदशहर के रूप में हुई है। बदमाश 17 जुलाई को अलीगढ़ शहर के गांधीपार्क क्षेत्र में कैश वैन से 35 लाख रुपये की लूट और गार्ड की हत्या में शामिल था। इसी घटना में विकास पर तत्कालीन डीआईजी ने 10 हजार का इनाम किया था। बाद में नए शासनादेश के अनुसार उस पर एडीजी के स्तर से जिले की संस्तुति पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान विकास उर्फ खुजली के रूप में हुई है। वह पेशेवर अपराधी था। उस पर अलीगढ़ व बुलंदशहर जिले में हत्याएं, लूट के कई मुकदमे चल रहे थे। उस पर बुलंदशहर के शिकारपुर में हत्या के एक मुकदमे में भी 5 हजार का इनाम है।
- राजेश पांडेय, एसएसपी, अलीगढ़