कोरोना काल में जो लोग संक्रमण से बचने के लिए मास्क का प्रयोग कर रहे थे, अब वही लापरवाह हो गए हैं। कोरोना की चौथी लहर ने देश में दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर में कोरोना धीरे-धीरे पैर पसार रहा है। अलीगढ़ से एनसीआर करीब होने के कारण यहां भी संक्रमण का खतरा बना हुआ है। लेकिन, लोग इस खतरे को लेकर सजग नहीं हैं।
जिले में कोरोना की चौथी लहर की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। संक्रमण की रोकथाम के लिए समुचित व्यवस्था को परखा जा रहा है। दूसरी ओर लोग महामारी को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। बुधवार को शहर में लोग बिना मास्क के सड़कों पर नजर आए। सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा है। शहर के रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, रेलवे रोड, रेलवे स्टेशन, गांधी पार्क बस स्टैंड, मैरिस रोड, केला नगर, दोदपुर, ऊपरकोट आदि बाजारों में लोग बिना मास्क लगाए सड़कों पर घूम रहे थे। अलीगढ़ से रोजाना करीब 20 हजार लोग दिल्ली-एनसीआर रीजन जाते हैं। ऐसे में जिले में भी संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है।