नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान में 100 से अधिक ठेल, ढकेल एवं खोखे की दुकानें हटा दी गई हैं। इसी में अफजाल की सब्जी की दुकान भी है।
अफजाल एएमयू के अहमदी स्कूल फॉर विजुअली चैलेंज्ड के सामने सड़क पर अपनी ढकेल लगाते थे। अब क्या करोगे?... के जवाब में वह कहते हैं कि अब सब कुछ अल्लाह के हाथ में है। परिवार में 5 सदस्य हैं और घर इसी दुकान से चलता है। वह कहते हैं कि उनके पास ढकेल है और जब तक कोई व्यवस्था नहीं होती है, तब तक ढकेल लगाकर सब्जी बेचेंगे।
ऐसे ही दुकानदारों में चंदन सिंह, अनवार, सफी मोहम्मद, मो. यासिन, अफजल, नसीरुद्दीन और मर्सरत अली आदि हैं। कोई सब्जी, फल बेचता है तो कोई पान की दुकान करता है। कमाई का जरिया छिनने से सभी के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। दुकानदारों का कहना है कि आए दिन की इस समस्या से त्रस्त हैं। नगर निगम कोई स्थाई जगह दिला दे, जहां दुकान लगाकर गुजारा कर सकें।