भाकियू (हरपाल गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. हरपाल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के साथ बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर तहसीलदार सतीश कुमार बघेल को ज्ञापन दिया। मोहकमपुर के ग्राम प्रधान शिव सिंह की अध्यक्षता में तहसील पर किसानों की बैठक भी हुई। ज्ञापन और बैठक में गेहूं, मक्का, जौ और लाहा की फसल को हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा देने की मांग की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बाजार में आलू किसानों को उचित भाव नहीं मिल पा रहा है। कई किसानों ने फसल में हुई क्षति को लेकर सदमे से आत्महत्या तक कर ली है। आलू उत्पादक कृषकों को 500 रुपये क्विंटल की दर से सब्सिडी दी जाए तथा सरकार आलू की खरीद 1000 रुपये क्विंटल करे। जानकारी दी गई कि 6 अप्रैल को सासनी, 7 को गोरई, 10 को उद्यान पार्क अलीगढ़, 13 को ईको गार्डन लखनऊ में किसानों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक का संचालन रतन सिंह ने किया। ज्ञापन देने वालों में अमर सिंह प्रधान खेरिया, सुखवीर सिंह, किशनपाल सिंह, अमित कुमार व जयपाल सिंह मौजूद शामिल रहे।