World Asthma Day: स्कूलों में अस्थमा प्रबंधन नहीं, शिक्षक भी अनजान, प्रशासन हुआ गंभीर, कार्रवाई शुरू
अमर उजाला में 5 मई को प्रकाशित खबर "स्कूलों में अस्थमा प्रबंधन नहीं, शिक्षक भी अनजान" को मुख्यमंत्री मीडिया सेल द्वारा संज्ञान में लिए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार
बच्चों की सेहत को लेकर स्कूलों में अस्थमा प्रबंधन की जमीनी हकीकत चिंताजनक है। अलीगढ़ जिले के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकांश स्कूलों में न तो अस्थमा से निपटने की कोई ठोस व्यवस्था है और न ही शिक्षक इस बीमारी के लक्षणों और प्राथमिक उपचार को लेकर पर्याप्त रूप से जागरूक हैं।
अलीगढ़ जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 2115 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 814 स्कूल संचालित हैं, लेकिन अधिकतर स्कूलों में अस्थमा पीड़ित बच्चों की पहचान और प्रबंधन को लेकर कोई अलग सिस्टम नहीं है। सोमवार को अमर उजाला ने शहर के 20 और ग्रामीण क्षेत्र के 35 स्कूलों में जब अस्थमा प्रबंधन के बारे में सवाल किया तो शिक्षकों ने जानकारी न होने का हवाला दिया। इस बीच किसी भी स्कूलों में अस्थमा पीड़ित बच्चों का अलग से रिकॉर्ड तक नहीं मिला है। स्कूलों में आपात स्थिति के लिए इनहेलर या अन्य जरूरी दवाएं भी नहीं हैं।
लक्षण पहचानने में भी कमी
स्कूलों में कई शिक्षक अस्थमा के सामान्य लक्षण जैसे सांस फूलना, सीने में जकड़न, लगातार खांसी या सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं रखते। ऐसे में किसी छात्र को अचानक दिक्कत होने पर समय पर सही मदद मिलना मुश्किल हो सकता है।
अधिकारियों ने भी स्वीकारा, होनी चाहिए व्यवस्था
यह स्थिति तब है जब विभागीय अधिकारी भी मानते हैं कि स्कूलों में अस्थमा प्रबंधन को लेकर व्यवस्थाएं होनी चाहिए। एडी बेसिक मनोज गिरि का कहना है कि बच्चे अधिकांश समय स्कूलों में व्यतीत करते हैं। ऐसे में जरूरी है कि अस्थमा जैसी बीमारी का प्रबंधन स्कूल स्तर पर भी उतनी ही सतर्कता से किया जाए जितना घर पर किया जाता है। पड़ताल में सामने तथ्यों पर उन्होंने कहा कि स्कूलों में जल्द अस्थमा प्रबंधन क्लब बनाए जाएंगे। इसके तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, जिससे छात्र और अभिभावक इस बीमारी के प्रति सजग हो सकें।
खबर पर प्रशासन हुआ गंभीर, कार्रवाई शुरू
अमर उजाला में 5 मई को प्रकाशित खबर "स्कूलों में अस्थमा प्रबंधन नहीं, शिक्षक भी अनजान" को मुख्यमंत्री मीडिया सेल द्वारा संज्ञान में लिए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विस्तृत आख्या प्रस्तुत करते हुए बताया कि परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर विकास खंड स्तर पर सभी परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को अस्थमा की रोकथाम, पहचान एवं प्राथमिक उपचार के संबंध में प्रशिक्षित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं का चिन्हीकरण कराया जाए, जो अस्थमा से पीड़ित हैं। चिन्हित बच्चों के समुचित उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों से समन्वय कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आख्या में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी विद्यालयों में अस्थमा से संबंधित आवश्यक दवाइयों, इनहेलर एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में बच्चों को तुरंत राहत प्रदान की जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा और स्कूलों में स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
