अलीगढ़: पड़ोसी की हरकतों से परेशान महिला ने दी एसएसपी को शिकायत, विधायक पर भी लगाया आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि दो साल पहले उसने पास में ही एक मकान खरीदा था, जिसे लेकर पड़ोसी कारखाना स्वामी से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के क्रम में 31 दिसंबर को उसके साथ मारपीट की गई, जिसका मुकदमा दर्ज कराया गया।
विस्तार
महानगर के देहली गेट कनवरीगंज इलाके में पड़ोसी से चल रहे विवाद की आंच एक जनप्रतिनिधि तक पहुंच गई है। पीड़ित महिला ने इस मामले में शुक्रवार को एसएसपी से पड़ोसी की लिखित शिकायत की और कहा कि पड़ोसी उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। वहीं मौखिक रूप से बताया कि एक भाजपा विधायक ने भी उसे फोन पर जेल जाने को तैयार रहने की धमकी दी है।
एसएसपी को महिला की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि दो साल पहले उसने पास में ही एक मकान खरीदा था, जिसे लेकर पड़ोसी कारखाना स्वामी से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के क्रम में 31 दिसंबर को उसके साथ मारपीट की गई, जिसका मुकदमा दर्ज कराया गया।
विधायक संजीव राजा पर भी धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अब कारखाने से बाहर निकलते ही मजदूर उनकी बेटियों से भद्दी हरकत करते हैं। इसका विरोध करने पर तरह-तरह की धमकियां देते हैं। इस मामले में एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इधर, महिला ने विधायक संजीव राजा पर मौखिक आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि वे दूसरे पक्ष के समर्थन में महिला को फोन कर उसे व उसके पति को जेल जाने के लिए तैयार रहने की धमकी दे रहे हैं। कथित विधायक की धमकी का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। इस मामले में विधायक संजीव राजा का कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी प्रकरण की जानकारी नहीं है।