जहरीली शराब कांड में जिला कारागार में निरुद्ध ऋषि शर्मा की पत्नी रेनू शर्मा की मौत पर शनिवार को जन आक्रोश भड़क उठा। उनके समर्थकों ने पोस्टमार्टम गृह पहुंचकर हंगामा किया। यहां सूचना पर पहुंचकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह जादौन व महानगर अध्यक्ष सलाउद्दीन वसी ने लोगों से मामले की जानकारी ली और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल को अवगत कराया।
विवेक बंसल ने रेनू शर्मा की रिहाई न होने पर सवाल खड़े किए और कहा कि इस मामले में उच्च स्तरीय न्यायिक जांच होनी चाहिए। इस प्रकरण में कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश प्रभारी व पूर्व एमएलसी विवेक बंसल ने सरकार व प्रशासनिक खामियों की आलोचना करते हुए कहा कि ये कितना दुखद है कि उच्च न्यायालय द्वारा रेनू शर्मा को जमानत पर रिहा करने के आदेश के बावजूद भी लगभग 15-20 दिन तक रेनू शर्मा को कारागार में निरुद्ध रखा गया।
ये इस बात का संकेत है कि भाजपा सरकार और प्रशासन की मिलीभगत से रेनू शर्मा की रिहाई रोकी गई। जहां गंभीर अस्वस्थता के कारण रेनू शर्मा ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में जबसे भाजपा सरकार आई है। तबसे इस प्रकार के कारनामे कुछ ज्यादा ही हो रहे हैं। इस मौके पर मुकेश धनगर, डॉ. शेरपाल सविता, ब्रजेश शर्मा, अखिलेश शर्मा, सागर सिंह तोमर, डॉ. धर्मेंद्र लोधी आदि मौजूद रहे।