गांधीपार्क क्षेत्र के दुबे पड़ाव की धोबी वाली गली में घर के दरवाजे पर लघुशंका के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान एक पक्ष हमलावर हो गया और मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर चल गए। इस झगड़े में एक पक्ष के तीन लोग जख्मी हुए हैं। खबर पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा है, जबकि हमलावर पक्ष से एक युवक को हिरासत में लिया है।
हुआ यूं कि धोबी वाली गली में रहने वाले अमन के दरवाजे पर दूसरे पक्ष से एक युवक ने लघुशंका कर दी। इस बात का अमन के परिवार ने विरोध किया तो दूसरे पक्ष से कई लोग हमलावर होकर आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे तक चले। इस दौरान ईंट पत्थर भी फेंके गए। इस झगड़े से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खबर पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को देख हमलावर भाग गए। मगर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। वहीं अमन पक्ष से घायल हुए अमन, अमित व अनीता को जिला अस्पताल भेजा गया है। थाना पुलिस के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।