{"_id":"69492a9518fc1ed983052838","slug":"aligarh-nagar-nigam-garbage-vehicles-collided-2025-12-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: नगर निगम की कूड़ा गाड़ियां टकराने पर पथराव, शीशे तोड़े, चालक को पीटा, थाने पर हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: नगर निगम की कूड़ा गाड़ियां टकराने पर पथराव, शीशे तोड़े, चालक को पीटा, थाने पर हंगामा
Mon, 22 Dec 2025 04:56 PM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Mon, 22 Dec 2025 04:56 PM IST
सार
नगर निगम में कूड़ा उठाने का काम कर रही अरबन कंपनी के चालक श्रीकृष्ण 21 दिसंबर सुबह करीब दस बजे कूड़ा गाड़ी लेकर इंदिरा नगर कॉलोनी से शाहजमाल-रामनगर की ओर जा रहे थे। तभी गाड़ी मोड़ने के दौरान कूड़ा गाड़ी वहां खड़े एक वाहन से टकरा गई।
विज्ञापन
कूड़े की गाडी का टूटा शीशा, थाने शिकायत करने पहुंचे सफाई कर्मचारी
- फोटो : संवाद
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के देहलीगेट इलाके के इंदिरा नगर कॉलोनी में रविवार को नगर निगम की कूड़ा गाड़ी के दूसरी गाड़ी से टकराने पर विवाद हो गया। नगर निगम के गाड़ी चालक को पीट दिया गया। इस बीच हमलावरों ने पथराव कर तीन-चार अन्य कूड़ा गाड़ियों के शीशे भी तोड़ डाले। घटना के विरोध में कर्मचारी थाने पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
विज्ञापन
नगर निगम में कूड़ा उठाने का काम कर रही अरबन कंपनी के चालक श्रीकृष्ण 21 दिसंबर सुबह करीब दस बजे कूड़ा गाड़ी लेकर इंदिरा नगर कॉलोनी से शाहजमाल-रामनगर की ओर जा रहे थे। तभी गाड़ी मोड़ने के दौरान कूड़ा गाड़ी वहां खड़े एक वाहन से टकरा गई। इस पर दूसरे वाहन के चालक आकाश से श्रीकृष्ण की कहासुनी हो गई। आकाश ने फोन कर अपने कुछ साथियों को बुला लिया। इस बीच श्रीकृष्ण ने भी अपने सुपरवाइजर व अन्य गाड़ियों के चालकों को बुला लिया। आरोप है कि आकाश व उसके साथियों ने चारों गाड़ियों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ डाले। चालक श्रीकृष्ण को पीट दिया। इस बीच शोर-शराबे पर हमलावर धमकाते हुए भाग गए।
विज्ञापन
इसके बाद नगर निगम की अरबन कंपनी के कर्मचारी थाना देहलीगेट पहुंच गए। पिटाई करने व गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाले हमलावरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। किसी तरह पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन वे रिपोर्ट दर्ज करने व कार्रवाई करने की जिद पर अड़ गए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई न हुई तो सफाई व कूड़ा उठाने के कार्य को ठप कर दिया जाएगा। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि पीड़ित चालक श्रीकृष्ण की ओर से दी गई तहरीर पर आकाश, जुगल किशोर, ललित कुमार व रवि समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच के साथ ही हमलावरों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन