अलीगढ़ : छात्रा को हिजाब पहनाने और धमकाने के मामले में जांच कमेटी गठित
- मेटी अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंपेगी
- यह तीन सदस्यीय कमेटी दोनों पक्षों के बयान दर्ज करेगी
विस्तार
नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करने पर सोशल मीडिया पर एएमयू की एक छात्रा को उसके साथी छात्र द्वारा हिजाब पहनाने और धमकाने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक जांच कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी मामले की जांच करते हुए यह तय करेगी कि छात्रा द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही हैं। कमेटी अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंपेगी। कमेटी में असिस्टेंट प्रॉक्टर डॉ. अनवारूल हक, डा. पुष्पिता सरकार और डॉ. शीबा मंजूर शामिल हैं।
यह तीन सदस्यीय कमेटी दोनों पक्षों के बयान दर्ज करेगी। इस मामले में छात्रा की ओर से एसएसपी को लिखित में शिकायत दी गई थी, जिसमें कहा गया था कि दिसंबर 2019 में हुए नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान उसके द्वारा कानून के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल दी गई थी। इसके बाद एक छात्र ने उसको लगातार धमकाने का काम किया।
एएमयू छात्र को पहना सकते है लोहे का हिजाब, जाए पाकिस्तान : पूर्व मेयर
राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी के बाद पूर्व महापौर शकुंतला भारती भी एएमयू की इंजीनियरिंग छात्रा के पक्ष में उतर आई हैं। उन्होंने कहा कि जो छात्र इंजीनियरिंग की छात्रा को पीतल का हिजाब पहनाने की धमकी दे रहा है, उसे हम लोग लोहे का हिजाब पहना सकते हैं। उसे समझ लेना चाहिए कि यह पाकिस्तान नहीं, हिंदुस्तान है। अगर इस तरह की बातें करनी है तो हिंदुस्तान छोड़कर पाकिस्तान चला जाए। पाकिस्तान में ऐसा होता है, इसलिए वह वहीं जाकर यह सब करे। भारत में ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि एएमयू शिक्षा का मंदिर है। वहां पर अगर ऐसी घटना हो रही है तो इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। एएमयू छात्र ने गैर मुस्लिम छात्रा के खिलाफ जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया है, वह निंदनीय है। आरोपी छात्र की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।
पूर्व महापौर के बयान की निंदा
सपा नेता रुबीना खानम ने पूर्व महापौर शकुंतला भारती के लोहे का हिजाब पहनाने के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि विवि के एक छात्र के बयान पर हंगामा काटने वाले भाजपा नेता बताएं कि जब उनकी पार्टी के सांसद साक्षी महाराज महिला से बलात्कार के आरोपी विधायक का जेल में सम्मान करके आते हैं, उससे मेल मुलाकात करके आते हैं। तब भाजपा नेता उनकी निंदा क्यों नहीं करते? जब थानों में महिला फरियादियों को पुलिस प्रताड़ित करती है और उनसे अभद्रता होती है तब भाजपाई क्यों मौन रहते हैं?
एएमयू में छात्रा को हिजाब पहनाने के मामले में अल्पसंख्यक आयोग गंभीर
प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में एक छात्र को जबरन हिजाब पहनने के लिए बाध्य कि जाने के मामले पर राज्य अल्प संख्यक आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, कुंवर सैयद इकबाल हैदर व रूमाना सिद्दीकी ने कहा कि आयोग ने एएमयू में एक हिंदू छात्रा को जबरदस्ती हिजाब पहनाए जाने के लिए धमकी दिए जाने की जो घटना प्रसारित हो रही है उसका संज्ञान लिया है।
सरदार परविन्दर सिंह ने इस मामले में एसपी से वार्ता कर घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उपरोक्त घटना संविधान के अनुच्छेद 14 जो कि समानता का अधिकार प्रदान करता है, का और अनुच्छेद 25 जो कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है उसका भी स्पष्ट उल्लंघन है। उपरोक्त प्रकरण पर आयोग गंभीर है एवं जिला प्रशासन के अतिरिक्त अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन से भी मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। आख्या प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।