न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
दिवाली पर हर बार की तरह इस बार भी डीआईजी दीपक कुमार, एसएसपी कलानिधि नैथानी सहित जिला पुलिस ने खुशियां बांटते हुए अनाथों, बेघरों और दिव्यांगों के बीच उपहार बांटे। इस दौरान खुद डीआईजी-एसएसपी जमालपुर स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी मदर टेरेसा गए। जहां उन्होंने अनाथों/दिव्यांगों के बीच मिठाई, मोमबत्ती, दीपक, फल व अन्य उपहार वितरित किए।
इसके अलावा जिले भर में थाना प्रभारियों के स्तर से इसी तरह उपहार वितरित किए गए। सासनी गेट इलाके में सीओ प्रथम के साथ एसओ सासनी गेट आदि ने यह उपहार वितरित किए। इस तरह दिन भर जिला पुलिस की टीमें अलग-अलग लोगों के बीच जाकर उपहार बांटकर खुशियां बांटती रहीं। इन उपहारों को पाकर लोग बेहद खुश हुए और पुलिस द्वारा दिवाली मनवाने पर आभार जताया। इस मौके पर एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय भी डीआईजी-एसएसपी संग मौजूद रहे। ब्यूरो