कोरोना संक्रमण ने सात फेरों पर भी संकट खड़ा कर दिया है। 19, 27 और 29 जून को बड़ी सहालग है। ऐसे में लोग परमिशन को लेकर काफी परेशान हो रहे हैं। एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट के यहां लोग चक्कर काट रहे हैं। प्रशासन भी कंटेनमेंट जोन की लिस्ट को छांटने के बाद ही आवेदकों को 30 लोगों की मौजूदगी के बीच विवाह संपन्न कराने की अनुमति दे रहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह ने बताया कि सहालग को देखते हुए केंद्र सरकार की गाइड लाइन के मुताबिक परमिशन जारी की जा रही है। वर या वधू पक्ष कंटेनमेंट जोन या फिर गेस्ट हाउस कंटेनमेंट जोन में हैं तो उनको परमिशन नहीं दी जा रही है। जिलाधिकारी स्तर से सख्त निर्देश हैं कि कोई भी गेस्ट हाउस या मैरिज होम, होटल संचालक बिना परमिशन के किसी भी विवाह समारोह को संपन्न नहीं कराएंगे। सभी मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारियों की निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई है। शादी में मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल आवश्यक है। साथ ही विवाह में शामिल होने वाले 30 लोगों की लिस्ट भी वर-वधू पक्ष को जिला प्रशासन को देनी होगी। सख्त निर्देश हैं कि डीजे, बैंड बाजे न बजवाएं जाएं।