स्वतंत्रता दिवस एवं जन्माष्टमी को लेकर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। एसपी रेलवे के निर्देश पर रविवार को एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) के तहत जीआरपी, आरपीएफ, डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीमों ने स्टेशन परिसर, सरकुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय, रिजर्वेशन कार्यालय समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग की। ट्रेेनों में यात्रियों को जहरखुरानी, यात्री सामान की चोरी के संबंध में पीए सिस्टम के माध्यम से जानकारी दी गई। चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तु नही मिली। यात्रियों से भी सफर के दौरान सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई। यात्रियों को बताया गया कि कहीं कोई लावारिस वस्तु दिखे तो तत्काल इसकी सूचना दें। यहां आरपीएफ पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा, एसएसआई अमित चौधरी जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार यादव आदि मौजूद रहे।