फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   A tractor-trolley full of devotees overturned in a ditch

Aligarh Accident: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली गड्ढे में पलटी, तीन बच्चों सहित 23 घायल, छह मेडिकल रेफर

Tue, 12 May 2026 11:06 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Tue, 12 May 2026 11:06 PM IST
सार

ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 30 लोग श्रद्धालु सवार थे। ज्यादातर ट्रॉली में भगोने में भरी गर्म सब्जी ऊपर गिरने से झुलसे हैं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा लाया गया।

विज्ञापन
A tractor-trolley full of devotees overturned in a ditch
ट्रैक्टर-ट्रॉली गहरे गड्ढे में पलटी - फोटो : संवाद

विस्तार

छर्रा-अतरौली रोड पर गांव इस्माइलपुर मोड़ के समीप टायर फटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब पांच फुट गहरे गड्ढे में पलट गई। दोपहर बाद करीब 3:30 बजे हुए हादसे में कथा के कलश विसर्जित कर गंगा स्नान करने जा रहे तीन मासूम बच्चों सहित 23 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें से छह ममता, रूमा देवी, सुमन, बाबूलाल, ऊषा देवी और उर्मिला को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

विज्ञापन


ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 30 लोग श्रद्धालु सवार थे। ज्यादातर ट्रॉली में भगोने में भरी गर्म सब्जी ऊपर गिरने से झुलसे हैं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा लाया गया। 17 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी गई, जिन्हें परिजन और ग्रामीण गांव ले गए।
विज्ञापन


यह सभी बरला थाना क्षेत्र के गांव अलहदादपुर के निवासी हैं। साथ मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो मई से 10 मई तक भागवत कथा हुई। कथा के विश्राम पर 11 मई को हवन और भंडारा हुआ। कथास्थल से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा के 41 कलश को गंगा में विसर्जित करने के लिए सभी रामघाट जा रहे थे। कलश विसर्जन और गंगा स्नान के बाद गंगा तट पर ही मौजूद लोगों के भोजन प्रसाद के लिए गांव से ही दो भगोने में पूड़ियां और एक भगोने में आलू-टमाटर की करीब 25 किलोग्राम रसेदार सब्जी भी ट्रॉली में रखकर साथ ले जा रहे थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

हादसे में ये हुए घायल
रजित (5) पुत्र केशव देव, अभी (5) पुत्र भूदेव सिंह, निशांत (7) पुत्र केशव, दीपेंद्र (12) पुत्र प्रेमपाल, सोनम (13) पुत्री भूरी सिंह, लेखराज (15) पुत्र महेंद्र और खुशबू (15) पुत्री राजू, रिंकू (11) पुत्र विजयपाल, ममता (20) पुत्री लटूरी सिंह, ऊषा (45) पत्नी केशव देव, चमन सिंह (60), उर्मिला देवी (35) पत्नी डीलेंद्र, रूमा देवी (32) राजकुमार, सुमन (30) पत्नी किशोरी लाल, प्रियंका (20) पुत्री नेकसेलाल, कमलेश (25) पत्नी राजू, विमला देवी (50) पत्नी राधाचरन, प्रियंका (40) पत्नी भूदेव सिंह, हेमलता (22) पुत्री बनवारी, बाबूलाल (70), प्रेमजीत (32) पुत्र बच्चन सिंह, गौरीशंकर (40) व रानी (35) पत्नी सतेंद्र।

टायर फटने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा पहुंचाकर भर्ती कराया। छह लोगों को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। -अंकित सिंह, कोतवाल छर्रा।

छह कलश खंडित, अन्य को वापस गांव ले गए श्रद्धालु
चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 20 बाइकों पर करीब 130 श्रद्धालु दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच गांव अलहदादपुर से रामघाट के लिए निकले थे। सभी ट्रॉलियों में कुछ-कुछ कलश रखे थे। जो ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी उसमें पूड़ी-सब्जी से भरे भगोनों के साथ छह कलश रखे थे। दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां और बाइक सवार आगे थे जो अतरौली के नजदीक पहुंच गए थे, जबकि दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां आगे-पीछे साथ थीं, जिनमें से एक पलट गई। इसमें रखे सभी छह कलश खंडित हो गए। हादसे की खबर पाकर आगे निकल गए दोनों ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक सवार श्रद्धालु लौटकर घटनास्थल पर पहुंचे और वहां से घायलों को सीएचसी ले गए। हादसे के बाद बचे हुए अन्य कलश वह अपने साथ गांव ले गए हैं। फिलहाल यह सभी कलश सुरक्षित रखे जाएंगे। इनके विसर्जन के बारे में बाद में सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाएगा।

गर्म सब्जी से बच्चों की पलट गई चमड़ी
सब्जी इतनी गर्म थी कि बच्चों सहित अन्य श्रद्धालुओं के शरीर की चमड़ी झुलसकर पलट गई। ग्रामीणों ने बताया कि पहले पूड़ी बना ली गई थीं। सब्जी तैयार होते ही भगोने में भरकर तत्काल ही सभी लोग गांव से निकल पड़े थे, इसलिए हादसे के समय सब्जी बहुत गर्म थी। शरीर पर यह गर्म सब्जी गिरते ही बच्चे और महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। राहगीर दौड़कर पहुंचे और सभी को गड्ढे से निकालकर सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में भी बच्चों की चीखें गूंजती रहीं। दर्द से रो और छटपटा रहे बच्चों को देखकर वहां लोगों का रुक पाना मुश्किल हो रहा था। संवाद


अलहदादपुर में छाई मायूसी
हादसे के बाद से घायलों के परिवार सहित गांव अलहदादपुर में मायूसी छाई है। खबर पहुंचते ही जो लोग गांव में थे, वह मोबाइल पर काॅल कर साथ मौजूद ग्रामीणों से घायलों के बारे में पल-पल की जानकारी लेते रहे। कौन कितना घायल है, कहां भर्ती है, अब तबीयत कैसी है, इस पर भी ग्रामीण पूछताछ करते रहे। गांव के लटूरी सिंह ने बताया कि उनके परिवार के भी दो लोग गर्म सब्जी ऊपर गिरने से झुलसे हैं। एक के अंदरूनी चोट आई है। गांव के करीब दस परिवारों के लोग हादसे में घायल हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed