{"_id":"6-18806","slug":"Aligarh-18806-6","type":"story","status":"publish","title_hn":"कॉलेज संचालक की लूट के बाद हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कॉलेज संचालक की लूट के बाद हत्या
Aligarh
Updated Tue, 06 May 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
अलीगढ़। अतरौली क्षेत्र के गांव दूधमा स्थित इंटर-डिग्री कॉलेजों के चर्चित संचालक चौ. राजपाल सिंह की रविवार की रात मथुरा के मगोर्रा क्षेत्र में लूट के बाद हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब कार सवार राजपाल सिंह बीएड की मान्यता के सिलसिले में जयपुर जा रहे थे और मथुरा-भरतपुर मार्ग पर बावरिया गिरोह ने उन्हें निशाना बना लिया। इस दौरान बदमाश ढाई लाख रुपये लूट ले गए। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन लुटेरे दबोच लिए हैं जबकि दो फरार हैं। पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव दूधमां निवासी राजपाल सिंह गांव में ही एक इंटर और एक डिग्री कॉलेज चलाते हैं, जबकि परिवार सहित अतरौली कस्बे के खेरापतान मोहल्ले में रहते हैं। वह रविवार को अपने स्कूल में बीएड की मान्यता के सिलसिले में चार साथियों संग कार से जयपुर जा रहे थे। गाड़ी ड्राइवर सोनू निवासी उत्तमगढ़ी चला रहा था। छोटे भाई के अनुसार उनके पास 2.40 लाख नकदी थी। रात दो बजे थाना मगोर्रा क्षेत्र में गांव ऊमरी के निकट स्कार्पियो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनको रोकने का प्रयास किया। राजपाल सिंह ने गाड़ी नहीं रोकी, लेकिन बदमाशों के पथराव करने पर उनको कार रोकनी पड़ी। कार रुकते ही बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। राजपाल से नकदी लूट ली। राजपाल ने विरोध किया तो उन्हें लुटेरों ने गोली मार दी। बदमाश रुपया, मोबाइल आदि लेकर भाग गए। राजपाल के साथियों ने उनको भरतपुर अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार की सुबह उपचार के दौरान राजपाल की मौत हो गई। इधर भरतपुर रोड पर गश्त कर रही हाईवे पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। मथुरा के सीओ सिटी अनिल यादव के नेतृत्व में गोविंद नगर, मगोर्रा और हाईवे पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया जबकि दो भाग निकले। पकड़े गए बदमाश रामपाल और उसका भाई भूपेंद्र हैं। तीसरा बदमाश स्कार्पियो चालक राजू निवासी श्यौपुर, मध्यप्रदेश है। सभी बदमाश बावरिया गैंग के हैं। लूटपाट के बाद अपना ठिकाना बदलते रहते हैं। बदमाशों का डेरा इस वक्त फरीदाबाद में है। मामले में राजपाल के भाई जिनेंद्र ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन