Aligarh: नए वर्ष 2025 में अलीगढ़ जिले को मिलेंगी 25 सौगातें, ये है उनकी लिस्ट
अलीगढ़ जिले के लिए 2025 साल 25 उम्मीदों को पूरा करेगा। इसमें यातायात, व्यापार, परिवहन, सुरक्षा, आधारभूत ढांचा और नागरिक सुविधाएं शामिल हैं।
विस्तार
नए वर्ष 2025 में अलीगढ़ जिले को 25 ऐसी सौगातें मिलने जा रही हैं, जो कहीं न कहीं लोगों के जीवन में सहजता लाएंगी। उनके दिन प्रतिदिन के जीवन को सुगम करेंगी। इसमें यातायात, व्यापार, परिवहन, सुरक्षा, आधारभूत ढांचा और नागरिक सुविधाएं शामिल हैं।
1-आधुनिक रेलवे स्टेशन : लगभग 450 करोड़ रुपये से एयरपोर्ट की तर्ज पर अलीगढ़ जंक्शन का कायाकल्प होगा। दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर दिल्ली और गाजियाबाद के बाद यह तीसरा बड़ा रेलवे स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन करीब 15 हजार यात्री सफर करते हैं और 250 ट्रेनें गुजरती हैं।
2-सिडी साइडिंग का निर्माण : रेलवे के मालगोदाम जेल फाटक के स्थान पर अब हरदुआगंज में सीडी साइडिंग का निर्माण होगा। हरदुआगंज में मालगाड़ियों में माल लादने और उतारने के लिए ज्यादा जगह और सुविधाएं मिलने से व्यापारियों को आसानी होगी।
3-स्मार्ट चौराहे : स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से लगभग 41.72 करोड़ रुपये से 14 चौराहों का सुंदरीकरण होगा। इसके अलावा 54.26 करोड़ रुपये की लागत से सारसौल, क्वार्सी, एटा चुंगी, सासनीगेट समेत चार चौराहों का कायाकल्प होगा।
4-दाउदखां-हरदुआगंज मालगाड़ी गलियारा : दाउद खां से लेकर हरदुआगंज तक 22 किलोमीटर के क्षेत्र में तीन ब्रिज बनाए जाने हैं। इस गलियारे के बनने से मालगाड़ियां बिना रुके दाउद खां से हरदुआगंज तक पहुंचेंगी। न्यू मंजूरगढ़ी स्टेशन बनने से तालानगरी की रेलवे से कनेक्टिविटी हो जाएगी।
5-नए थाने की सौगात : जिले को नए थाने की सौगात मिलेगी। गोरई नाम से शुरू होने वाला यह थाना इगलास क्षेत्र में बनाया जाएगा। क्षेत्र में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसके अलावा छेरत में एंटी करप्शन थाना विधिवत शुरू होने जा रहा है।
6-स्पोर्ट्स हॉस्टल बनेगा : महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 60 बेड का हॉस्टल शुरू होगा। मार्च में क्रीड़ा विभाग को यह हॉस्टल हस्तांतरित हो जाएगा। 579.63 लाख रुपये से तीन मंजिला हॉस्टल बनकर तैयार हो गया है।
7-आरएमपीएसयू परिसर में होगी पढ़ाई : वर्ष 2025 में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विवि (आरएमपीएसयू) परिसर में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। फिलहाल पढ़ाई मेडिकल रोड स्थित जामिया उर्दू में हो रही है। लोधा के मूसेपुर में विवि का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
8-मेडिकल कॉलेज में आएंगी आधुनिक मशीन : जेएन मेडिकल कॉलेज में कैंसर के इलाज के लिए 40 करोड़ रुपये की मशीन आएगी, जो कैंसर वाले हिस्से पर पर ही रेडिएशन डालेगी। साथ ही जबड़े की जांच व इलाज करने के लिए भी आधुनिक मशीन आएगी।
9-कई प्रशिक्षक आएंगे स्टेडियम में : स्पोर्ट्स स्टेडियम में निशानेबाजी, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस के प्रशिक्षकों के नए साल में आने की उम्मीद है। इन खेलों में प्रशिक्षक न होने की वजह से खिलाड़ियों को अभ्यास करने में दुश्वारी का सामना करना पड़ता है।
10-जीपीएफ घोटाले का होगा खुलासा : बेसिक शिक्षा विभाग के 520 शिक्षकों के जीपीएफ खाते में चार करोड़ 92 हजार 749 रुपये का फर्जी तरीके से भुगतान कर दिया गया। इस मामले में 34 बीईओ और चार बीएसए फंस गए हैं। नए साल में घोटाले का खुलासा होने की उम्मीद है।
11-ग्रेटर अलीगढ़ और टीपीनगर का तोहफा : अलीगढ़ विकास प्राधिकरण शहरवासियों को ग्रेटर अलीगढ़ और टीपी नगर का तोहफा देगा। टीपी नगर में 45 प्लाटों पर किसानों को कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ग्रेटर अलीगढ़ योजना 102 हेक्टेयर में लांच करने तैयारी है।
12-रसलगंज का सुंदरीकरण : स्मार्ट सिटी की फसाड योजना से 13 करोड़ रुपये से इस बाजार का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। रसलगंज, सराय हकीम और बारहद्वारी तक दुकानों का नेम प्लेट, लाइटिंग और साज-सज्जा कराई गई है। इससे दुकानें एक जैसी लग रहीं हैं।
13-जाम से राहत मिलने की उम्मीद : नगर निगम ने ई-रिक्शा को जोनवार संचालित करने की योजना शुरू कर दी है। शहर को चार जोन में बांट कर क्यूआर कोड लगा कर ई-रिक्शा का संचालन होगा। क्यूआर कोड में ई-रिक्शा से संबंधित सभी जानकारी होगी।
14-छह सड़कों की सुधरेगी हालत : 113 करोड़ रुपये से रामघाट रोड सहित छह सड़कों की हालत सुधारी जा रही है। यह काम सन 2025 में पूरा होने की उम्मीद है। जलभराव दूर करने के लिए नाला निर्माण भी कराया जा रहा है।
15-38 आंंगनबाड़ी केंद्र और 47 बाल मैत्री शौचालय बनेंगे : लगभग 3.12 करोड़ रुपये से नौ ब्लाकों में 38 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे। सबसे ज्यादा गंगीरी ब्लाॅक में 26 केंद्र बनेंगे। 47 बाल मैत्रीय शौचालय बनेंगे। इन पर 17 लाख रुपये खर्च होंगे।
16-आगरा रोड पर बनेगी आवास विकास काॅलोनी : आवास विकास परिषद आगरा रोड पर मडराक के पास 333 हेक्टेयर भूमि पर आवास विकास कालोनी बनाएगा। जमीन अधिग्रहण के नोटिस किसानों को दिए जा रहे हैं।
17-450 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की होगी तैनाती : जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर लंबे समय से रिक्त पदों पर 450 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की कमी पूरी होगी। इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सबसे ज्यादा शहर में 66 और गोंडा में 17 पद रिक्त हैं।
18-हेल्थ एवं डायलिसिस सेंटर मिलेगा : नगर निगम की ओर से शहर में एक हेल्थ एवं डायलिसिस सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। 40 बेड के डायलिसिस सेंटर के निर्माण पर चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। नए साल में 10 बेड के साथ इसका शुभारंभ कराया जाएगा।
19- तीन सरोवर और पिकनिक स्थल मिलेंगे : शहरवासियों को तीन सरोवर और पिकनिक स्थल का तोहफा मिलेगा। इस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गूलर रोड, शक्ति नगर और नई बस्ती में इसका निर्माण कराया जाएगा।
20-अचल ताल में वोटिंग शुरू होगी : अचल सरोवर का 28 करोड़ रुपये से सुंदरीकरण कराया जा चुका है। शॉपिंग कांप्लेक्स भी बनाया गया है। इसको धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर वोटिंग व अन्य गतिविधियां शुरू होंगी।
21-अतरौली में बनेगा मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल : अतरौली में 100 बेड का अस्पताल है। इसमें चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक स्तर पर लाकर इसे मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना है। यह काम इस वर्ष शुरू होगा।
22-इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स : 50 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी प्रोेजेक्ट के तहत नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इसमें स्वीमिंग पूल, बेडमिंटन, बास्केटबॉल सहित अन्य खेलों व आधुनिक जिम व योगा रूम की सुविधा मिलेगी।
23-मल्टीलेवल पार्किंग : बारहद्वारी में बहुप्रतीक्षित मल्टीलेवल पार्किंग का काम पूरा होना वाला है। नए वर्ष में इसे शुरू कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से सराय हकीम, बारहद्वारी, पत्थर बजार, महावीर गंज, घुड़िया बाग में वाहन पार्किंग की समस्या का समाधान हो सकेगा।
24-बरौला जाफराबाद में नया पार्क : नगर निगम द्वारा बरौला जाफराबाद में पार्क का निर्माण कराया जाएगा। जापान की मियावाकी पद्धति से इस बाग में पेड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस पार्क में स्थानीय वातावरण के अनुकूल पेड़ों और पौधों की प्रजातियां लगाकर सघन वन क्षेत्र बनाया जाएगा।
25-दो नए फूड प्लाजा की सौगात : रेलवे रोड और बीएसएनएल दफ्तर के सामने फूड प्लाजा बनाए जाएंगे। यहां पर पार्किंग की भी सुविधा होगी।