फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   भाजपा का आक्रामक बूथ मिशन लांच-First Page

भाजपा का आक्रामक बूथ मिशन लांच-First Page

Sun, 23 Sep 2018 02:08 AM IST
Updated Sun, 23 Sep 2018 02:08 AM IST
विज्ञापन
भाजपा का आक्रामक बूथ मिशन लांच-First Page
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन


भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा है कि पूरे उत्तर प्रदेश की हरेक विधानसभा के हरेक बूथ पर भाजपा बूथ प्रभारी भाजपा समर्थित परिवारों के 25-25 वोट बढ़वाएंगे। गैर भाजपाई परिवारों के अनावश्यक 25-25 वोट कटवाएंगे। इसके साथ भाजपाई परिवारों में वोटर लिस्ट ले जाकर उनको वोट पर्ची देंगे। जो परिवार भाजपा के वोटर नहीं हैं, उनके बीच वोट पर्ची नहीं बंटेगी। बंसल ने कहा कि 25 वोट बढ़वाने, 25 वोट कटवाने और 100 फीसदी मतदान कराने से ही पार्टी लोकसभा चुनाव जीतेगी। इस काम में कोई समझौता नहीं होगा। इसकी लगातार मानीटरिंग होगी। ये काम गंभीरता से नहीं करने वाले किनारे कर दिए जाएंगे। भाजपा धर्मार्थ संगठन नहीं है, यह एक राजनीतिक पार्टी है। ये काम पूरी तरह से राजनीतिक स्तर पर होगा।

सुनील बंसल शनिवार को जीटी रोड स्थित रघुनाथ भवन में पार्टी नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर से पहले अलीगढ़ महानगर और अलीगढ़ जिले की इकाई इस काम को 29, 30 और एक अक्तूबर को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पार्टी का ये अहम अभियान है जिसे पूरी आक्रामकता के साथ पूरा किया जाए। कोई लापरवाही नहीं चलेगी। इसके लिए बूथ वार एक किट दी जाएगी। जिसमें छूटे वोट बढ़वाने के फार्म, वोट कटवाने के फार्म, नए युवा वोटर बनवाने के फार्म होंगे। इसके अलावा पांच तरह के पत्रक होंगे। जिसमें बूथ प्रभारी को पूरा ब्यौरा देना होगा।
विज्ञापन


बंसल ने कहा कि हाल ही में जब वोटर लिस्ट की गहन समीक्षा की गई तो पाया गया कि गाजियाबाद ऐसा जिला है जिसमें 2 लाख 34 हजार वोट नहीं मिले हैं। वहीं गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) ऐसा जिला हैं जिसमें 2334 वोट नहीं मिले हैं। गाजियाबाद में हालात सबसे खराब हैं तो नोएडा की स्थिति काफी हद तक संतोषजनक है। हाल ही में नगर निगम अलीगढ़ के चुनाव में भी कई हजार वोट गायब थे। इसलिए भाजपा का ये अभियान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पहली सितंबर को अपडेट वोटर लिस्ट बनी है। इसको ही आधार बना कर अभियान चलेगा। 21 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में बैठक कर इस अभियान को शुरू कराया जा रहा है। पूरे उत्तर प्रदेश में 52 लाख वोटर गायब हैं, जिनको जोड़ा जाएगा। 31 अक्तूबर तक इस काम को पूरा किया जाएगा। नई वोटर लिस्ट 4 जनवरी को तैयार होगी। इसी लिस्ट के आधार पर लोकसभा चुनाव होंगे। प्रदेश में एक लाख 62 हजार 300 बूथ हैं, जिसमें 15 हजार नये बूथ शामिल हैं। भाजपा कार्यकर्ता साढ़े तीन करोड़ परिवारों में पर्ची बांटेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


बंसल के साथ इस कार्यक्रम में एटा सांसद राजवीर सिंह राजू, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, जिले के प्रभारी रामनरेश अग्निहोत्री विधायक भोगांव, बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, सह जिला प्रभारी धर्मवीर प्रजापति, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह मंच पर मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह, इगलास विधायक रवेंद्र पाल सिंह, खैर विधायक अनूप प्रधान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप चाणक्य, चंद्रमणि कौशिक, निशीत शर्मा सहित कई भाजपाई मौजूद रहे।

भाजपा बृज क्षेत्र के 16 जिलों में चलेगा अभियान
भाजपा बृज क्षेत्र में अलीगढ़ महानगर, अलीगढ़ जिला, हाथरस, मथुरा, फीरोजाबाद महानगर, फीरोजाबाद जिला, आगरा महानगर, आगरा जिला, बरेली महानगर, बरेली जिला, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बदायूं, शिकोहाबाद सहित एक अन्य जिला बृज क्षेत्र के 16 जिले में शामिल हैं।

65 जिलों में विधानसभावार विस्तारक बने
जीटी रोड स्थित रघुनाथ भवन में बैठक कर भाजपा ने बृज क्षेत्र की 65 विधानसभाओं में विधानसभा वार विस्तारक बना दिए हैं। जिसमें हरेक विधानसभा पर एक-एक विस्तारक बनाया गया है। इनमें से अधिकांश विस्तारक गैरजनपदीय हैं, जो अपने जिलों से आकर दूसरे जिलों में काम करेंगे। भाजपा बृज क्षेत्र में अलीगढ़ महानगर, अलीगढ़ जिला, हाथरस, मथुरा, फीरोजाबाद महानगर, फीरोजाबाद जिला, आगरा महानगर, आगरा जिला, बरेली महानगर, बरेली जिला, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बदायूं, शिकोहाबाद सहित एक अन्य जिला बृज क्षेत्र के 16 जिले में शामिल हैं। अलीगढ़ के प्रभारी राम नरेश अग्निहोत्री ने बताया है कि अभी तक कुछ विधानसभाओं में एक या दो तीन विधानसभाओं को मिला कर एक विस्तारक तैनात था, लेकिन अब हरेक विधानसभा में एक विस्तारक तैनात कर दिया गया है। जो बूथ कमेटी को मजबूत करेंगे। बूथों पर नए वोट बढ़वाने की समीक्षा करेंगे। लोकसभा चुनाव के लिए जमीन तैयार करेंगे। राम नरेश के साथ हुई विस्तारकों की बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत सहित आशा सिंह, संजय गोयल, पूर्व मेयर आशुतोष वार्ष्णेय, पूर्व मेयर शकुंतला भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, मानव महाजन, यतेंद्र वाईके, वैभव गौतम, लाल जी वर्मा आदि मौजूद रहे।

पेट्रोल डीजल और एससी-एसटी पर लिया फीडबैक
भाजपा की दोनों बैठक में शामिल रामनरेश अग्निहोत्री से जब मीडिया ने पूछा कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी को लेकर कार्यकर्ताओं का फीडबैक क्या है..? तो उन्होंने जवाब दिया कि ये सबको पता है। इसमें किसी फीडबैक की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार इस पर पूरी नजर रख रही है। जल्द ही बड़ा समाधान होगा। एससी-एसटी एक्ट में प्रस्तावित संशोधन को लेकर हो रहे विरोध पर अग्निहोत्री ने कहा कि अब तक कोई संशोधन नहीं हुआ है। अभी इस पर कुछ कहना तर्कसंगत नहीं है। महागठबंधन के सवाल पर बोले कि विपक्ष के महागठबंधन में कोई दम नहीं है क्योंकि इसका कोई पीएम तय नहीं है। भाजपा में पीएम मोदी हैं। भाजपा से किसी का कोई मुकाबला नहीं है।


पद चाहिए तो जिलाध्यक्ष से मिलो..
भाजपा में कई वर्षों तक महिला मोर्चा में सक्रिय रहीं आशा सिंह ने सुनील बंसल से जिला संगठन में एक पद की मांग की है। जिस पर सुनील बंसल ने कहा कि वे जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह से मिल लें। सुनील बंसल से मिलने वालों का तांता पूरे दिन लगा रहा। इनमें से अधिकांश वे लोग थे, जो संगठन में कोई जिम्मेदारी चाहते थे। बंसल ने भी किसी को नाराज नहीं किया और सबको मुस्करा कर आश्वासन देते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed