सैंया। थाना क्षेत्र के ग्वालियर हाईवे पर मंगलवार रात हुए तीन सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहला हादसा मंगलवार रात 10:15 बजे करीब हुआ। बसई, खेरागढ़ निवासी गंगाराम (70 वर्ष) आगरा से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। ग्वालियर हाईवे स्थित कटी पुल के पास पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंगाराम और उनके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी सैंया में भर्ती कराया, जहां से दोनों को एसएन हॉस्पिटल आगरा रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना दूसरी दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे ग्वालियर हाईवे स्थित कटी पुल पर ही हुई। सिकंदरपुर, सैंया निवासी अजीत अपनी मां प्रेमवती (48 वर्ष) और 11 वर्षीय बालक हैरिस के साथ बाइक से सैंया की ओर आ रहे थे। पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। सीएचसी सैंया पर उपचार के बाद प्रेमवती पत्नी लक्ष्मण सिंह को एसएन हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, तीसरा हादसा बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे सैंया थाने के पास हुआ। मनिया निवासी रामू अपनी मां गुल्ला देवी के साथ बाइक पर सैंया से मनिया की ओर जा रहा था। अचानक बाइक फिसल गई, जिससे मां-बेटे दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग (1033) एम्बुलेंस ने घायलों को सीएचसी सैंया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।