एटा: फंदे से लटका मिला महिला का शव, ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
मायका पक्ष का आरोप है कि ससुरालवाले विवाहिता के साथ मारपीट करते थे। उसे भूखा रखा जाता था। विवाहिता ने खुद इसकी जानकारी मायके वालों को दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव ककरावली में मंगलवार को एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। मायका पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बदायूं जिले के मुजरिया थानांतर्गत गांव कटैया भगवंत निवासी विनोद कुमार ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री उपासना की शादी करीब ढाई साल पहले ककरावली निवासी आलोक पचौरी के साथ की थी। जिसमें सामर्थ्य के अनुसार दान दिया, लेकिन शादी के बाद ससुरालीजन उपासना को प्रताड़ित करने लगे। उस पर अतिरिक्त दहेज व गाड़ी लाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
ससुरालवाले करते थे मारपीट
आरोप है कि आए दिन उपासना से मारपीट की जाती और उसे भूखा रखा जाता था। कई बार उपासना ने यह बात बताई, लेकिन हैसियत न होने के कारण उसके ससुरालवालों की मांग पूरी नहीं कर सके। 15 नवंबर को भी उपासना का फोन आया कि ससुरालीजन मारपीट कर रहे हैं। इसके कुछ समय बाद ही गांव के एक अन्य व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उपासना की हत्या कर दी गई है।
मायका पक्ष के लोग जब गांव पहुंचे तो उसका शव फंदे पर लटका हुआ था। ससुरालवाले फरार हो गए थे। रिपोर्ट में मृतका के पति आलोक, जेठ भमित, जेठानी श्वेता, सास बैकुंठी देवी, बहनोई जयप्रकाश निवासी भोजपुर मिरहची को नामजद किया गया है।
एसओ पिलुआ वेदराम सिंह ने बताया कि महिला का शव फंदे पर लटका पाया गया। मायका पक्ष के लोगों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।