Agra Weather: बारिश के बाद भी नहीं मिली गर्मी और उमस से राहत, अगले तीन दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम
ताजनगरी को रविवार शाम को बारिश ने भिगोया तो सोमवार की सुबह बादलों की गड़गड़ाहट ने जगाया। आज भी बारिश के आसार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में जुलाई के पहले चार दिनों में से तीन दिन बारिश हुई, लेकिन लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। सोमवार को भी सुबह बारिश थमने के बाद दोपहर में तेज धूप के कारण लोग उमस से बेहाल हो गए। खासकर जिन जगहों पर जलभराव हुआ, उन जगहों पर दिन भर लोगों का पसीना रुका नहीं। ऑफिसों और बाजारों में लोग पसीने से तरबतर रहे। सोमवार को 58.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आज भी बारिश के आसार हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन में पारा सामान्य से एक डिग्री नीचे रहा जबकि रात में यह 2 डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में बादलों की लुकाछिपी बनी रहेगी। दिन में उमस बनी रहेगी, जबकि शाम को बादलों के छाए रहने और बूंदाबांदी, बारिश के आसार बने रहेंगे। तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा।
कॉलोनियों की गलियों में भरा पानी
ताजनगरी में सोमवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण स्मार्ट सिटी आगरा की सड़कें कई जगह से धंस गईं। पानी की निकासी ठीक न होने के कारण मोहल्लों और कॉलोनियों की गलियों में पानी भरा हुआ है। सोमवार को यमुनापार, दयालबाग, सिकंदरा, आवास विकास, कलाकुंज और बोदला-मारुति एस्टेट रोड धंस गई, जिसके कारण पूरे दिन वाहन चालकों को समस्या रही।
बारिश आईएसबीटी, आवास विकास सेंट्रल पार्क, अलबतिया रोड, सुभाष नगर, राजपुर चुंगी, शहीद नगर में सड़कों पर पानी भर गया। सेंट्रल पार्क में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा के सामने एक फुट पानी भर गया, जबकि यहां दोनों ओर नाले हैं, जो मानसून से पहले साफ नहीं किए गए। यमुनापार टेढ़ी बगिया में 100 फुट रोड पर नाला ढह जाने के कारण चार कॉलोनियों में पानी भर गया, जहां से पैदल निकलना मुश्किल हो गया है।