कासगंज। गंगानदी में जलस्तर कम होने का असर जिले की नहरों और रजबहों पर पड़ा है। नहरों और रजबहों में पानी न होने के कारण किसानों के सामने सिंचाई को लेकर संकट आ खड़ा हुआ है। एलजीसी फर्रुखाबाद ब्रांच से जुड़े माइनरों एवं रजबहों से जिले में खेतों में सिंचाई होती हैं। एक पखवाड़े से ब्रांच में लगातार जलस्तर कम होता जा रहा है। इस कारण टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है और किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
गंगानदी से एक पखवाड़े में 500 से लेकर 300 क्यूसेक ही पानी आ पा रहा है। इस कारण नहरों एवं माइनरों में पानी की खासी कमी हो गई है। किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं और फसलों को बचाने के लिए डीजल पंप सेट से महंगी सिंचाई कर रहे हैं। अभी कुछ और दिनों तक सिंचाई का संकट दूर होने की उम्मीद नहीं है। पानी की कमी होने के कारण नरौरा से भी कम ही पानी छोड़ा गया है। अभी तक मात्र 4000 क्यूसेक पानी ही गंगा में छोड़ा जा रहा है। जिससे एलजीसी फर्रुखाबाद ब्रांच में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। इसी के चलते फर्रुखाबाद ब्रांच में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई। पानी की कमी के चलते बाछमई माइनर, पटियाली कोतवली बंबा, भरगैन दरियावगंज बंबा, बारानगर बंबी सहित तमाम रजबहा सूख रहे हैं।